सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
उन्नाव

Unnao News:घर में बुरी आत्मा का भय दिखा महिला से ठगे 47.17 लाख रुपये – Woman Swindled Out Of Rs 47.17 Lakh After Being Scared With The Fear Of An Evil Spirit In Her Homewoman Swindled Out Of Rs 47.17 Lakh After Being Scared With The Fear Of An Evil Spirit In Her Home

November 16, 2026


– उन्नाव निवासी मां-बेटे के खिलाफ पीजीआई थाने में एफआईआर दर्ज

– पीड़िता ने पर्सनल लोन लेकर और मकान गिरवी रखकर दिए थे रुपये

संवाद न्यूज एजेंसी

लखनऊ। पीजीआई की वृंदावन आवास विकास कॉलोनी निवासी डॉ. अंशु श्रीवास्तव ने ठगी का आरोप लगाया है। उन्होंने उन्नाव के कालूखेड़ा निवासी परिचित सुरेंद्र और उसकी मां बिटाना पर 67.17 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। यह ठगी घर से दुष्ट आत्मा भगाने और पूजा-पाठ के नाम पर की गई। आरोपियों ने 20 लाख रुपये लौटाए पर बाकी 47.17 लाख रुपये नहीं दिए। उन्होंने रुपये लौटाने से इन्कार कर दिया और अंशु को धमकी दी। अंशु ने 13 नवंबर को पीजीआई थाने में आरोपी मां-बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

इंस्पेक्टर पीजीआई सुनील सिंह ने बताया कि आरोपियों ने अंशु के पति और बच्चों पर मृत्यु योग होने की बात कही। साथ ही घर में दुष्ट आत्मा के प्रवेश की बात कहकर पूजा-पाठ का झांसा दिया। मां-बेटे ने अंशु को अपनी बातों में फंसाकर रुपये ऐंठने शुरू कर दिए। अंशु ने परिजनों को बताए बिना पर्सनल लोन लिया और मां का मकान गिरवी रखा। उन्होंने 67.17 लाख रुपये कई किस्तों में नकद और यूपीआई के माध्यम से दिए।

इसके बाद आरोपी लगातार और रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उन्होंने अंशु के पति और बच्चों की मौत का भय दिखाया। लगातार हो रही मांग से परेशान होकर अंशु ने पति रवि श्रीवास्तव को पूरी बात बताई। रवि ने आरोपियों से रुपये वापस मांगे तो उन्होंने दो बार में 15 लाख और पांच लाख रुपये लौटाए। बाकी 47.17 लाख रुपये छह मई को लौटाने का वादा किया था। छह मई को रुपये मांगने पर आरोपी मां-बेटे ने रकम लौटाने से इन्कार कर दिया। उन्होंने अंशु को धमकी भी दी। इसके बाद अंशु ने एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव से शिकायत की। जांच में आरोप सही पाए गए। एसीपी ने बताया कि आरोपी मां-बेटे के खिलाफ पीजीआई थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X