शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Unnao News:सफाई के नाम पर 10 करोड़ साफ, अब कूड़े में लगा रहे आग – Unnao News
उन्नाव

Unnao News:सफाई के नाम पर 10 करोड़ साफ, अब कूड़े में लगा रहे आग – Unnao News

November 14, 2026


उन्नाव। शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने के नाम पर नगर पालिका ने करोड़ों रुपये खर्च कर कूड़ा उठाने और ढुलाई के लिए वाहन व अन्य संसाधन तो जुटा लिए, लेकिन कूड़े के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था नहीं की। पांच साल पहले प्रस्तावित 6.72 करोड़ रुपये की लागत से कूड़ा निस्तारण केंद्र का भवन बन गया है, लेकिन उसमें अब तक मशीनें नहीं लगाई गईं। नतीजतन, शहर से रोजाना निकलने वाला करीब 45 टन कूड़ा खाली प्लॉटों और हाईवे किनारे डंप किया जा रहा है। कई स्थानों पर कूड़े में आग लगाकर निस्तारण किया जा रहा है।

शहर से निकलने वाले कूड़े के वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण के लिए नगर पालिका ने शहर से करीब आठ किलोमीटर दूर हुसैन नगर गांव के पास छह एकड़ जमीन पर कूड़ा निस्तारण केंद्र बनाने की योजना बनाई थी। करीब चार साल पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 6.72 करोड़ 57 हजार रुपये की लागत से बनने वाले इस केंद्र को मंजूरी दी थी। इसकी क्षमता प्रतिदिन 65 टन कूड़े के निस्तारण की थी। यहां गीले और सूखे कूड़े को अलग करने, गीले कूड़े से खाद बनाने और प्लास्टिक-पॉलिथीन की रिसाइक्लिंग के लिए मशीनें लगाई जानी थीं लेकिन अब तक केवल भवन बन पाया है। मशीनें न लगने से केंद्र उपयोग में नहीं आ पा रहा है। सड़कों के किनारे कूड़ा फेंका जा रहा है और आग लगाकर निस्तरण किया जा रहा है।

वाहनों और मशीनों की खरीद पर 2.24 करोड़ खर्च

नगर पालिका ने कूड़ा उठाने और ढुलाई के लिए करीब 2.24 करोड़ रुपये से वाहन और मशीनें खरीदी हैं। सात सीएनजी चालित लोडर, जेसीबी, पोकलैंड और छोटी क्रेन खरीदने में करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए। इसके अलावा पांच नए ट्रैक्टर-ट्रॉली खरीदने पर 35 लाख रुपये खर्च हुए। नगर पालिका का दावा है कि हर वार्ड में दो-दो लोडर चलाने का निर्णय लिया गया है, ताकि नियमित रूप से कूड़ा उठाया जा सके।

ई-ठेलियों और चार्जिंग स्टेशन पर भी लाखों खर्च

कूड़ा इकट्ठा करने की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका ने जनवरी में 1.80 लाख रुपये प्रति ई-कूड़ा गाड़ी की दर से 30 ई-ठेलियां खरीदीं। इनके संचालन के लिए 25 लाख रुपये की लागत से चार्जिंग स्टेशन भी बनवाया गया। इसके अलावा 100 वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम लगाने की व्यवस्था की गई, जिससे वाहनों की निगरानी की जा सके। इसके बावजूद शहर में कूड़े के स्थायी निस्तारण का इंतजाम नहीं हो सका है। खाली प्लॉटों और सड़कों के किनारे कूड़ा फेंके जाने से सफाई व्यवस्था पर खर्च की जा रही रकम का अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा।

बोले लोग

फोटो-5-गौरव चौरसिया

एबी नगर निवासी गौरव चौरसिया ने बताया कि मोहल्ले में नियमित कूड़ा उठान नहीं होती। कर्मचारी अक्सर कूड़े में आग लगा देते हैं। इससे धुआं फैल जाता है और सांस लेने में दिक्कत होती है। जब से हल्की ठंड शुरू हुई है, सुबह टहलना बंद कर दिया है। नगर पालिका में शिकायत की गई लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया।

–

फोटो-6-अनीता

इंद्रानगर निवासी अनीता ने बताया कि नियमित झाड़ू तो लगती है लेकिन कूड़ा नहीं उठाया जाता। चार-पांच दिन के अंतराल में कूड़ा उठाया जाता है। सड़कों और मोहल्ले में कूड़ा जलाए जाने से परेशानी होती है। नगर पालिका को कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। लेकिन भारी-भरकम टैक्स लेने के बाद भी पालिका मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान नहीं दे रही है।

—

बोले जिम्मेदार

शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं। कूड़ा निस्तारण केंद्र में उपकरण लगाने पर करीब तीन करोड़ रुपये खर्च होंगे। उपकरण लगाने के लिए नगर विकास विभाग ने स्वीकृति दे दी है। बजट जारी होते ही मशीनें लगाने का काम शुरू हो जाएगा। वहीं एफएसटीपी के संचालन के लिए जरूरी काम कराने को उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया गया है। जल्द ही सुधार कराया जाएगा।

-श्वेता मिश्रा, पालिका अध्यक्ष

—

मुख्य मार्गों और सभी वार्डों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए हर वार्ड में एक-एक लोडर और एक-एक ई-ठेलिया लगाई गई है। शहर के मुख्य मार्गों पर सुबह और रात दोनों समय झाड़ू लगवाई जा रही है। कूड़ा भी उठवाया जा रहा है। फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव भी कराया जा रहा है। कूड़ा के नियमित उठान करके पूरा कूड़ा निस्तारण केंद्र में ही डंप किया जा रहा है।

-रामआसरे कमल, ईओ नगर पालिका

उपकरण न होने से अनुपयोगी कूड़ा निस्तारण केंद्र में जलाकर नष्ट किया जा रहा कूड़ा। संवाद

उपकरण न होने से अनुपयोगी कूड़ा निस्तारण केंद्र में जलाकर नष्ट किया जा रहा कूड़ा। संवाद

उपकरण न होने से अनुपयोगी कूड़ा निस्तारण केंद्र में जलाकर नष्ट किया जा रहा कूड़ा। संवाद

उपकरण न होने से अनुपयोगी कूड़ा निस्तारण केंद्र में जलाकर नष्ट किया जा रहा कूड़ा। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X