रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Yamuna Nagar News:छठ पर्व पर सब्जियों की मांग हुई दोगुनी – Demand For Vegetables Doubled During The Chhath Festival
यमुनानगर

Yamuna Nagar News:छठ पर्व पर सब्जियों की मांग हुई दोगुनी – Demand For Vegetables Doubled During The Chhath Festival

November 15, 2026


यमुनानगर। छठ पूजा से एक दिन पहले शनिवार को बाजार में भीड़ उमड़ी। पूजा में इस्तेमाल होने वाली सब्जियों और फलों की खरीदारी के लिए शनिवार को मंडी में भीड़ रही। छठ से एक दिन पहले मूली, गोभी और पालक की मांग में अचानक तेजी देखने को मिली।

सुबह से ही मंडी में खरीदारी के लिए लोग पहुंचने लगे। मांग बढ़ने के साथ कुछ सब्जियों के दाम भी पहले के मुकाबले अधिक रहे। रविवार शाम को महिलाएं सब्जियों और फलों के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना करेंगी। सब्जी मंडी प्रधान अंग्रेज सिंह ने बताया कि पिछले करीब 15 दिनों से सब्जियों के दाम कम हुए हैं। इसका प्रमुख कारण त्योहारी सीजन रहा है।

मंडी में आवक और मांग के अनुसार सब्जियों के भाव में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। फिलहाल आने वाले दिनों में भी सब्जियों के दाम कम रहने के आसार हैं। मंडी में गोभी छह से सात रुपये प्रति किलो, मूली तीन से चार रुपये, टमाटर 10 से 12 रुपये, धनिया तीन से पांच रुपये प्रति गुच्छी, मेथी सात से आठ रुपये, पत्ता गोभी सात रुपये, शिमला मिर्च 15 से 20 रुपये और मटर 20 से 25 रुपये प्रति किलो बिक रहे हैं।

पालक और सरसों के भाव छह से सात रुपये, लोकल आलू सात से आठ रुपये, प्याज 25 से 35 रुपये और लहसुन 60 से 100 रुपये प्रति किलो रहे। वहीं, रेहड़ी-फड़ी पर यही सब्जियां अधिक दाम पर मिल रही हैं। यहां गोभी 30 रुपये, मूली 20 रुपये, टमाटर 40 रुपये, धनिया 60 रुपये प्रति गुच्छी, मेथी 60 रुपये, पत्ता गोभी 20 रुपये, शिमला मिर्च 60 रुपये और मटर 120 रुपये प्रति किलो बिक रहे हैं।

पालक 40 रुपये, सरसों 25 रुपये, आलू 16 रुपये, प्याज 50 रुपये और लहसुन 130 रुपये प्रति किलो तक मिल रहा है। छठ पूजा के लिए खरीदारी करने पहुंचे लोगों ने जरूरत के अनुसार सब्जियां खरीदीं। मंडी में थोक भाव कम होने के बावजूद खुदरा दुकानों और रेहड़ी-फड़ी पर ग्राहकों को अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X