Yamuna Nagar News:ट्रायल में फुटबॉल खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा – Football Players Showcase Their Talent In Trials
जगाधरी। संत निश्चल सिंह स्कूल में रविवार को इंडिया खेलो फुटबॉल (आईकेएफ) की ओर से लिए गए ट्रायल में 100 से अधिक खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए पूरा दमखम दिखाया। किसी ने अपनी तेज रफ्तार से ध्यान खींचा तो किसी ने गेंद पर नियंत्रण, पासिंग से प्रभावित किया।
ट्रायल में अंडर-13, अंडर-14, अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 आयुवर्ग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। ट्रायल में उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और जम्मू-कश्मीर से भी युवा अपनी प्रतिभा दिखाने आए। खिलाड़ियों की प्रतिभा और खेल की बारीकियों को परखने के लिए आईकेएफ के मुख्य स्काउट हर्ष, वंशिका और विशाल मौजूद रहे।
उन्होंने अलग-अलग आयुवर्ग के खिलाड़ियों के खेल पर नजर रखी। वहीं नरेंद्र थापा फुटबॉल अकादमी के वॉलंटियर्स निर्भय थापा, अरूम लेप्चा, जहांजैब वाहिद और तमीम खान इस्लामुदीन ने ट्रायल की प्रक्रिया संभाली। अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग खिलाड़ी अमनदीप सिंह और सुरेंद्र सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि नियमित अभ्यास, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर मेहनत करना जरूरी है।
नरेंद्र थापा अकादमी संचालक नरेन थापा ने बताया कि इस ट्रायल के परिणाम दस दिन बाद आएंगे। चयनित खिलाड़ियों जोन स्तर पर और फिर राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा। वहां से खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय क्लब के लिए किया जाएगा।

प्रतिद्वंद्वी के पाले में फुटबॉल पहुंचाने के लिए भिड़ते खिलाड़ी। संवाद
