यमुनानगर। कपालमोचन मेले में श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को मेले के दौरान लोगों से मुलाकात का एक और वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है। इसमें वह पैदल चलते हुए श्रद्धालुओं से मिलते, हाथ जोड़कर सतश्री अकाल बोलते और उनके साथ सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। इस दौरान पंजाब से आए कुछ लोगों ने उन्हेंसे पंजाब आने का निमंत्रण दिया तो मुख्यमंत्री ने पंजाबी में जवाब देते हुए कहा, तुस्सी सानू पंजाब बुलाओ, अस्सी आंवागे, पंजाब ने मजबूत करना त्वाडे हाथां विच है।
वीडियो में मुख्यमंत्री श्रद्धालुओं के बीच काफी सहज अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। लोग उनसे हाथ मिलाकर बातचीत कर रहे हैं और पंजाब आने का आग्रह कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भी मुस्कुराते हुए उनकी बातों का जवाब देते हैं। इस दौरान कई श्रद्धालुओं ने उनके साथ सेल्फी भी ली। मुख्यमंत्री का यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
गौरतलब है कि 23 नवंबर की रात कपालमोचन मेले में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर पहली बार भव्य लेजर लाइट एंड साउंड शो का आयोजन किया गया था। इसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिरकत की थी। कार्यक्रम के बाद वह पैदल ही मेले में श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे और उनसे मुलाकात की थी।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने मेले से ही एक वीडियो साझा किया था, जिसमें वह रेहड़ी पर रुककर मूंगफली खरीदते दिखाई दिए थे। अब श्रद्धालुओं से बातचीत और पंजाब आने के निमंत्रण पर दिए गए उनके जवाब का दूसरा वीडियो सामने आया है। दोनों वीडियो में मुख्यमंत्री का आम लोगों के बीच सहज अंदाज देखने को मिल रहा है। संवाद