मध्यप्रदेश के खंडवा जिले की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में शनिवार, 21 नवंबर को आस्था और प्रकाश का अनुपम संगम देखने को मिलेगा। श्री ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट की ओर से मां नर्मदा के पावन तट स्थित ब्रह्मपुरी घाट पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में 16 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। दीपों की रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठेगा।
महाआरती, भक्ति संध्या और आतिशबाजी होगी आकर्षण
दीपोत्सव के दौरान ब्रह्मपुरी घाट को आकर्षक दीप सज्जा से सजाया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मां नर्मदा की भव्य महाआरती होगी। इसके साथ ही भक्ति संध्या के तहत गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। आयोजन का समापन आकाशीय आतिशबाजी के साथ किया जाएगा।
पढे़ं: महाकाल की सवारी में चिलम जैसी वस्तु दिखने पर विवाद, श्रद्धालुओं ने की शिकायत; कार्रवाई की उठी मांग
श्रद्धालुओं से सपरिवार शामिल होने की अपील
इस भव्य आयोजन में नगर के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन का उद्देश्य ओंकारेश्वर की आध्यात्मिक महिमा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना है। श्री ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट परिवार ने नगरवासियों और श्रद्धालुओं से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर मां नर्मदा की आराधना में सहभागी बनने की अपील की है।
एक नजर में कार्यक्रम
-
दिनांक: शनिवार, 21 नवंबर 2026
-
समय: शाम 6 बजे से
-
स्थान: ब्रह्मपुरी घाट, ओंकारेश्वर
-
आयोजक: श्री ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट
-
आकर्षण: 16 हजार दीपों का प्रज्वलन, मां नर्मदा की महाआरती, भक्ति संध्या, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और आकाशीय आतिशबाजी।