गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
अजमेर:पुष्कर मेले में ढोल की थाप पर नाचे घोड़े, चारपाई पर दो पैरों से खड़े होकर दिखाए करतब – Horses Danced To The Beat Of Drums, While Domestic And International Tourists Thoroughly Enjoyed The Horse
अजमेर

अजमेर:पुष्कर मेले में ढोल की थाप पर नाचे घोड़े, चारपाई पर दो पैरों से खड़े होकर दिखाए करतब – Horses Danced To The Beat Of Drums, While Domestic And International Tourists Thoroughly Enjoyed The Horse

November 19, 2026


अजमेर राजस्थान के अजमेर जिले के पुष्कर में चल रहे अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले की रौनक परवान चढ़ने लगी है। मेले में पशुओं से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इनमें बड़ी संख्या में पशुपालक और देशी-विदेशी पर्यटक उत्साह के साथ हिस्सा ले रहे हैं। गुरुवार को मेले के मैदान में आयोजित अश्व नृत्य प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। इसमें घोड़ों ने ढोल की थाप पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

अश्व नृत्य प्रतियोगिता में कुल 17 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान अश्व पालकों ने अपने घोड़ों को अलग-अलग अंदाज में नचाकर उनके कौशल और प्रशिक्षण का प्रदर्शन किया। ढोल की थाप शुरू होते ही घोड़ों ने अपने कदमों से ताल मिलाना शुरू कर दिया। किसी अश्व पालक ने लगाम के सहारे घोड़े को नियंत्रित करते हुए उससे शानदार ठुमके लगवाए, तो किसी ने अपने घोड़े को दो पैरों पर खड़ा कर चारपाई पर चढ़ा दिया। घोड़ों के इन अनूठे करतबों को देखकर मैदान में मौजूद दर्शक हैरान रह गए और तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

पढ़ें: पंचायत चुनाव का फैसला कल, 37 जिलों में सुबह आठ बजे से मतगणना; जिला प्रमुख और प्रधान की कुर्सी पर नजर

प्रतियोगिता के दौरान चौटाला धमाल, ढोल और घूमर की धुनों पर घोड़ों ने अपनी लय और ताल का शानदार प्रदर्शन किया। घोड़ों के नृत्य, उनकी चाल, संतुलन और अश्व पालकों के साथ तालमेल ने प्रतियोगिता को खास बना दिया। मेले में पहुंचे पर्यटकों ने इस नजारे को अपने कैमरों में कैद किया और घोड़ों के करतबों का जमकर आनंद लिया।

अश्व पालकों ने बताया कि घोड़ों को इस तरह नृत्य करने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके लिए लंबे समय तक अभ्यास कराना पड़ता है। घोड़ों की देखभाल, खान-पान, स्वास्थ्य और दिनचर्या का विशेष ध्यान रखा जाता है, ताकि वे प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उनके अनुसार, घोड़ों को प्रशिक्षित करने में काफी मेहनत, धैर्य और समय लगता है।

वहीं, प्रतियोगिता देखने पहुंचे देशी और विदेशी पर्यटकों ने पुष्कर मेले की संस्कृति, परंपराओं और आयोजनों की जमकर तारीफ की। पर्यटकों ने कहा कि पुष्कर में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रम उन्हें राजस्थान की लोक संस्कृति और परंपराओं को करीब से समझने का अवसर देते हैं। मेले में पशुओं से जुड़ी प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम उन्हें काफी आकर्षित करते हैं।

गुजरात के राजकोट से आए पर्यटक हितेन्द्र सिंह ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से पुष्कर मेले में आ रहे हैं। हर साल यहां कुछ नया देखने को मिलता है। मेले में राजस्थान की संस्कृति, परंपराओं और लोक आयोजनों को करीब से देखने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर आयोजन होना और पर्यटकों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं करना खुशी की बात है।

अश्व नृत्य प्रतियोगिता ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में पशु संस्कृति, पारंपरिक हुनर और मनोरंजन का अनूठा संगम पेश किया। घोड़ों के शानदार नृत्य ने देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए इस आयोजन को यादगार बना दिया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X