अलीगढ़ के क्वासी थाना क्षेत्र में एक युवक का रेस्तरां के बाहर से कथित तौर पर अपहरण कर उस पर गोली चलाने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों और एक महिला सहित छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
विष्णुपुरी निवासी पीड़ित व्योम कौशल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह विकास रेस्तरां में कमरा लेकर ठहरा हुआ था। जब वह रेस्तरां से बाहर निकला, तभी वहां एक महिला समेत छह लोग पहुंचे, जिनमें विशाल यादव, टिंकू बघेल, रिंकू बघेल, भोला और आकाश यादव शामिल थे। आरोप है कि सभी ने मिलकर उसे जबरन उठाया और किशनपुर की ओर ले गए।
तहरीर के अनुसार, रास्ते में आरोपियों ने पीड़ित के साथ बुरी तरह मारपीट की, अभद्रता की और उस पर गोली भी चलाई। इस दौरान आरोपियों ने उसका फोन छीनकर चलती गाड़ी से बाहर फेंक दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने स्वयं और अपने परिवार को जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा प्रदान करने तथा आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है और मामले की जांच उपनिरीक्षक राहुल तिवारी को सौंपी गई है।