रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
राजौरी

Rajouri News:राजोरी में बिना अनुमति चंदा वसूली पर लगी रोक, संगठनों के लिए पंजीकरण अनिवार्य – Ban Imposed On Unauthorized Collection Of Donations In Rajouri; Registration Made Mandatory For Organizations

November 29, 2026


जिला मजिस्ट्रेट डॉ. देवांश यादव ने जारी किए सख्त आदेश, नकद के साथ डिजिटल दान पर भी लागू होंगे नियम

क्रासर

जबरन चंदा मांगने और सार्वजनिक स्थानों पर बिना इजाजत काउंटर लगाने वालों पर बीएनएस के तहत होगी कार्रवाई

संवाद न्यूज एजेंसी

राजोरी। जिले में धार्मिक, सामाजिक और चैरिटेबल गतिविधियों के नाम पर होने वाली अनधिकृत चंदा वसूली पर रोक लगाने के लिए जिला मजिस्ट्रेट डॉ. देवांश यादव ने सख्त आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार अब कोई भी व्यक्ति, एनजीओ, ट्रस्ट, सोसायटी, धार्मिक संगठन या समिति बिना वैध पंजीकरण या सक्षम अधिकारी की अनुमति के चंदा एकत्र नहीं कर सकेगी। यह नियम नकद, सामान और डिजिटल माध्यमों से लिए जाने वाले दान पर भी लागू होगा।

जिला मजिस्ट्रेट ने अनियमित चंदा वसूली पर चिंता जताते हुए कहा कि जनकल्याणकारी कार्यों के लिए स्वैच्छिक दान जरूरी है, लेकिन इसमें पारदर्शिता और जवाबदेही होनी चाहिए। आदेश में चंदा एकत्र करने वालों के लिए पहचान पत्र रखना तथा प्राप्त राशि और उसके खर्च का पूरा रिकॉर्ड रखना अनिवार्य किया गया है। बिना पहचान और जरूरी दस्तावेजों के चंदा मांगने वालों पर कानूनी कार्रवाई होगी।

सार्वजनिक स्थानों पर स्टॉल लगाने से पहले लेनी होगी इजाजत

किसी भी व्यक्ति या संगठन को चंदा लेने के लिए धमकी देने, दबाव बनाने या लोगों को परेशान करने की अनुमति नहीं होगी। आम रास्ते रोकने और यातायात बाधित करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सड़क, बाजार, चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर चंदा एकत्र करने के लिए स्टॉल, काउंटर या अस्थायी ढांचे लगाने से पहले सक्षम अधिकारी की मंजूरी लेना अनिवार्य होगा। सभी एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों के अधिकृत संगठनों की सूची सार्वजनिक करें, ताकि लोग दान देने से पहले संस्था की जांच कर सकें। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि जबरन या अवैध वसूली की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने, तहसीलदार या एसडीएम को दें। एसएसपी राजोरी समेत सभी अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन करवाने को कहा गया है। नियम तोड़ने वालों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 और अन्य कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X