बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Ind Vs Nz Live Score:पहले टेस्ट में भारत ने जीता टॉस, न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले बॉलिंग चुनी, देखें प्लेइंग-11 – Ind Vs Nz 1st Test Live Score: India Vs New Zealand, Wellington Test Match Updates
क्रिकेट

Ind Vs Nz Live Score:पहले टेस्ट में भारत ने जीता टॉस, न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले बॉलिंग चुनी, देखें प्लेइंग-11 – Ind Vs Nz 1st Test Live Score: India Vs New Zealand, Wellington Test Match Updates

November 18, 2026


03:00 AM, 19-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: टॉस के लिए तैयार दोनों कप्तान

टॉस के लिए दोनों टीमें तैयार हैं। दोनों कप्तान ब्लेजर पहने नजर आ रहे हैं। वहीं, डेवोन कॉनवे, मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा अभ्यास वाली ड्रेस में आपस में बातचीत करते दिखे। तीनों काफी सहज नजर आ रहे हैं। सिराज को अभ्यास वाली ड्रेस में देखकर उनके खेलने पर सवाल उठ रहे हैं। क्या वह इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं? इसकी पुष्टि टॉस के बाद ही होगी।

02:59 AM, 19-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: पिच का रंग और मौजूदा स्थिति

पिच के रंग को देखकर ही उसकी स्थिति का अंदाजा लगाया जाता है। इस बार बेसिन रिजर्व की पिच पिछले कुछ वर्षों की तुलना में उतनी हरी नहीं दिख रही है। पिच पर एक भूरा पैच भी बना हुआ है, खासकर बाएं हाथ के बल्लेबाज के सामने। ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि इस पिच पर काफी क्रिकेट खेला गया है। यहां चार दिवसीय क्रिकेट के बजाय फोर्ड ट्रॉफी के ज्यादा मुकाबले खेले गए हैं।

घास में नमी से गेंदबाजों को मिलेगी मदद

पिच पर घास मौजूद है और उसे छूने पर ऊपर की सतह थोड़ी नम महसूस होती है। इसका मतलब है कि पहले दिन शुरुआत में गेंद की रफ्तार थोड़ी धीमी रह सकती है। गेंद में टेनिस बॉल जैसी उछाल देखने को मिल सकती है। इसके अलावा तेज गेंदबाजों को पिच से साइडवेज मूवमेंट यानी गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने में भी मदद मिल सकती है।

तीसरे और चौथे दिन बल्लेबाजी होगी आसान

टेस्ट मैच आगे बढ़ने के साथ पिच की स्थिति में बदलाव देखने को मिल सकता है। आमतौर पर तीसरे या चौथे दिन बल्लेबाजी करना आसान हो जाता है। हवा चलने से पिच की नमी सूख जाती है और बल्लेबाजों को बेहतर परिस्थितियां मिलती हैं। पिच पर मिट्टी की परत भी दिखाई दे रही है, ऐसे में टेस्ट मैच के आखिरी दिनों में कुछ हिस्सों से स्पिन गेंदबाजों को टर्न भी मिल सकता है।

02:57 AM, 19-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: टॉस का फैसला और पहले बल्लेबाजी की रणनीति

टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने या गेंदबाजी चुनने के सवाल पर विशेषज्ञों ने कहा कि पिछले 16 वर्षों में बेसिन रिजर्व में किसी टेस्ट मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी नहीं की गई है। ऐसे में पहले बल्लेबाजी का फैसला लेना किसी साहसी कप्तान का ही काम होगा।

पिच से मिलने वाली परिस्थितियों का फायदा उठाना होगा

बेसिन रिजर्व में परंपरागत रूप से अच्छी उछाल मिलती है। पिच सूखने के बाद गेंद में उछाल देखने को मिलता है। टेस्ट मैच आगे बढ़ने के साथ पिच पर कुछ दरारें भी बन सकती हैं, जिससे असमान उछाल मिलने की संभावना रहेगी।

दोनों कप्तान पहले गेंदबाजी करना चाहेंगे

विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों कप्तान टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना पसंद करेंगे, ताकि पिच की परिस्थितियों का अधिकतम फायदा उठाया जा सके। गेंदबाज दोनों तरफ गेंद को स्विंग कराने और बल्लेबाजों को परेशान करने की कोशिश करेंगे। इस दौरान मिले मौकों को भुनाना भी अहम होगा।

02:56 AM, 19-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: भारत बनाम न्यूजीलैंड हेड टू हेड

भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 65 टेस्ट मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 22 और न्यूजीलैंड ने 16 मैच जीते हैं, जबकि 27 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। यानी कुल मुकाबलों में भारत की जीत का प्रतिशत करीब 34 रहा है। न्यूजीलैंड की धरती पर भारतीय टीम का रिकॉर्ड और भी चुनौतीपूर्ण है। दोनों देशों के बीच वहां 25 टेस्ट हुए हैं। भारत को सिर्फ पांच में जीत मिली, जबकि न्यूजीलैंड ने 10 मुकाबले अपने नाम किए। 10 टेस्ट ड्रॉ रहे हैं। वेलिंगटन में तो भारत को पिछले 57 वर्षों से जीत का इंतजार है। यहां खेले गए आठ टेस्ट में भारत ने सिर्फ एक जीता है, जबकि न्यूजीलैंड को पांच में सफलता मिली और दो मुकाबले ड्रॉ रहे। भारत ने वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में पिछला टेस्ट फरवरी 1968 में जीता था।

भारत ने आखिरी बार 2009 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज जीती थी। इसके बाद विराट कोहली और रोहित शर्मा के दौर में भी टीम इस देश में सीरीज जीतने में नाकाम रही। रोहित की कप्तानी में तो भारतीय टीम को घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था।

02:56 AM, 19-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: पिच और मौसम का हाल

स्कॉट स्टायरिस और केटी मार्टिन ने बेसिन रिजर्व की पिच और मौसम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वेलिंगटन में सुबह हल्की बारिश हुई है। फिलहाल तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच है, जबकि अधिकतम तापमान 16 डिग्री तक रहने का अनुमान है। स्टायरिस और मार्टिन के मुताबिक, इस समय हवा की रफ्तार भी ज्यादा नहीं है। वेलिंगटन में तेज हवाओं के लिए जाना जाता है, लेकिन फिलहाल मौसम अच्छा नजर आ रहा है। टेस्ट मैच के बाकी दिनों में भी मौसम के अनुकूल रहने की उम्मीद है। अब सभी की नजरें टॉस और दोनों टीमों की प्लेइंग-11 पर हैं।

02:55 AM, 19-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: कॉनवे की वापसी

न्यूजीलैंड की टीम में डेवोन कॉनवे, रचिन रवींद्र और टॉम ब्लंडेल की वापसी से मेजबान टीम उत्साहित होगी। तीनों खिलाड़ी चोट से उबरकर टीम में लौटे हैं। जैकब डफी के जुड़ने से न्यूजीलैंड का तेज गेंदबाजी आक्रमण भी मजबूत हुआ है। हालांकि, मिचेल सैंटनर हाथ में फ्रैक्चर के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। उन्हें हाल ही में खेली गई पांचवीं वनडे में चोट लगी थी।

दोनों टीमों के तेज गेंदबाज चाहेंगे कि उनके कप्तान टॉस जीतें। पिच पर काफी घास मौजूद है। ऐसे में न्यूजीलैंड के मैट हेनरी, काइल जैमीसन और जैकब डफी की तिकड़ी भारतीय बल्लेबाजों के सामने मुश्किलें खड़ी कर सकती है। वहीं, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और बाकी भारतीय तेज गेंदबाज भी न्यूजीलैंड के शीर्ष क्रम को झकझोरने के इरादे से उतरेंगे। एक बात तय है कि पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को काफी धैर्य और मजबूत चरित्र दिखाना होगा। मुश्किल परिस्थितियों में यही गुण बेहतरीन टीमों को बाकी से अलग बनाते हैं।

02:54 AM, 19-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: टीम कॉम्बिनेशन पर चर्चा

शुभमन गिल ने पुष्टि की है कि भारतीय टीम इस मुकाबले में एक स्पिनर और चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगी। रवींद्र जडेजा स्पिनर की भूमिका निभाएंगे, जबकि जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज का खेलना लगभग तय है। दिलचस्प बात यह है कि न्यूजीलैंड के शीर्ष क्रम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों की भरमार है। ऐसे बल्लेबाजों के खिलाफ आकाश दीप का रिकॉर्ड और गेंदबाजी उपयोगी साबित हो सकती है। क्या उन्हें अंतिम एकादश में मौका मिलेगा? या फिर वनडे सीरीज में अपनी गति, स्विंग और उछाल से प्रभावित करने वाले गुरनूर बराड़ को टेस्ट डेब्यू का मौका दिया जाएगा?

02:53 AM, 19-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: आज से कांटे की टक्कर

भारतीय क्रिकेट टीम के सामने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में सिर्फ मेजबान टीम को हराने की चुनौती नहीं होगी, बल्कि अपने पुराने रिकॉर्ड को बदलने का भी मौका होगा। दोनों देशों के बीच पहला टेस्ट 19 नवंबर से शुरू हो रहा है। न्यूजीलैंड की टीम अपने घर में भारत के खिलाफ हमेशा मुश्किल साबित हुई है। पिछले कुछ वर्षों में तो उसने भारतीय टीम को उसके घरेलू मैदान पर भी करारी शिकस्त दी है। ऐसे में शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम के लिए यह सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिहाज से भी अहम है।

02:39 AM, 19-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: पहले टेस्ट में भारत ने जीता टॉस, न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले बॉलिंग चुनी, देखें प्लेइंग-11

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला आज से वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेला जा रहा है। 

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X