PM Vishwakarma Yojana Benefits: भारत में बड़ी संख्या में लोग अपने पारंपरिक हुनर के दम पर परिवार चलाते हैं। कोई बढ़ई का काम करता है, तो कोई लोहार, दर्जी या कुम्हार है। इन लोगों के पास हुनर तो होता है, लेकिन कई बार आधुनिक औजारों और पैसों की कमी के कारण उनका काम आगे नहीं बढ़ पाता। ऐसे ही कारीगरों और शिल्पकारों की मदद के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा कौशल सम्मान योजना शुरू की है।
इस योजना के जरिए पारंपरिक काम करने वाले लोगों को केवल आर्थिक सहायता ही नहीं दी जाती, बल्कि उन्हें अपने हुनर को बेहतर बनाने का मौका भी मिलता है। सरकार का मकसद कारीगरों को प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण और आसान शर्तों पर कर्ज उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपना काम बढ़ा सकें। तो चलिए जानते हैं इस पीएम विश्वकर्मा योजना के बारे में। आप आगे इस बारे में जान सकते हैं…
किन लोगों को मिलेगा योजना का लाभ?
- पीएम विश्वकर्मा योजना में 18 पारंपरिक व्यवसायों को शामिल किया गया है
- इनमें बढ़ई, नाव बनाने वाले, लोहार, सुनार, कुम्हार, मूर्तिकार, मोची, राजमिस्त्री, नाई, दर्जी और धोबी जैसे काम करने वाले लोग शामिल हैं
- इसके अलावा ताला बनाने वाले, मछली पकड़ने का जाल बनाने वाले, टोकरी और चटाई बनाने वाले, माला बनाने वाले तथा पारंपरिक खिलौने बनाने वाले कारीगर भी इसका लाभ ले सकते हैं
ट्रेनिंग के साथ मिलते हैं 15000 रुपये
- योजना की खास बात यह है कि इसमें कारीगरों को उनके काम से जुड़ी ट्रेनिंग भी दी जाती है
- इसके तहत 5 से 7 दिन की बेसिक ट्रेनिंग का प्रावधान है
- इसके बाद इच्छुक लाभार्थी 15 दिन या उससे अधिक की एडवांस ट्रेनिंग भी ले सकते हैं
- ट्रेनिंग के दौरान लाभार्थियों को 500 रुपये प्रतिदिन का स्टाइपेंड दिया जाता है
- इसके अलावा आधुनिक औजार खरीदने के लिए 15,000 रुपये तक का टूलकिट प्रोत्साहन ई-वाउचर के रूप में मिलता है
बिना गारंटी 3 लाख रुपये तक का लोन
- कारीगरों को अपना कारोबार बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से बिना गारंटी लोन की सुविधा भी दी जाती है
- इसके तहत कुल 3 लाख रुपये तक का कर्ज दो चरणों में मिल सकता है
- पहले 18 महीने के लिए 1 लाख रुपये तक का लोन दिया जाता है
- वहीं, दूसरी बार में 30 महीने के लिए 2 लाख रुपये तक का कर्ज मिल सकता है
- ये लोन आपको सस्ती ब्याज दर पर दिया जाता है