त्योहारों का असली मजा अपनों के साथ ही आता है। खासकर तब, जब परिवार के वे सदस्य भी एक जगह जुटें, जिनसे रोज मिलना संभव नहीं होता। गुजराती परिवारों में दिवाली के अगले दिन नए साल यानी ‘बेस्टु वरस’ का स्वागत भी इसी उत्साह के साथ किया जाता है। अभिनेत्री डेजी शाह के लिए भी यह मौका परिवार के साथ वक्त बिताने का है।
‘जय हो’, ‘हेट स्टोरी 3’ और ‘रेस 3’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुकीं डेजी शाह ने अमर उजाला से खास बातचीत में गुजराती नववर्ष से जुड़ी अपनी यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि इस मौके पर उन्हें अपने कजिन्स से मिलने और पुरानी यादें ताजा करने का मौका मिलता है। त्योहारों के साथ उनकी बचपन की कुछ ऐसी शरारतें भी जुड़ी हैं, जिन्हें याद करके आज भी वह हंस पड़ती हैं।