उज्जैन:पाड़ों की लड़ाई बनी काल, पिता के सामने 8 साल के मासूम की दर्दनाक मौत; पोहे खाते समय किया हमला – Buffalo fight turns fatal in ujjain! 8-year-old boy crushed to death in front of father, was eating poha
परंपरा के नाम पर आयोजित पाड़ों की घातक लड़ाई एक बार फिर एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हुई। उज्जैन के देवास रोड स्थित हामूखेड़ी में छोटी दीपावली के मौके पर आयोजित पाड़ों की लड़ाई देखने पहुंचे 8 साल के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। बच्चा अपने पिता की आंखों के सामने ही बेकाबू पाड़े की चपेट में आ गया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।
घटना नागझिरी थाना क्षेत्र के हामूखेड़ी की है। यहां एक खेत में पाड़ों की लड़ाई का आयोजन किया गया था। दोपहर करीब 2 बजे टैक्सी चालक आकाश दायमा अपने 8 वर्षीय इकलौते बेटे युवराज के साथ यह आयोजन देखने पहुंचे थे। दोनों भीड़ के बीच एक किनारे खड़े थे। इस दौरान युवराज बैठकर पोहे खा रहा था।
इसी बीच आपस में लड़ रहे दो पाड़े अचानक बेकाबू होकर भीड़ की तरफ दौड़ पड़े। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, एक भारी-भरकम पाड़ा सीधे युवराज की छाती पर चढ़ गया। इससे बच्चा उसके नीचे बुरी तरह दब गया।
पढे़ं: जनवरी में होनी थी बेटे की शादी, मां के साथ खरीदारी कर लौट रहा था, ट्रॉले से भिड़ी कार; दोनों की मौत
पिता ने बचाने की कोशिश की, अस्पताल में तोड़ा दम
बेटे को अपनी आंखों के सामने पाड़े के नीचे दबा देखकर पिता आकाश ने उसे बचाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद अन्य लोगों की मदद से किसी तरह युवराज को बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इकलौता बेटा था युवराज, परिवार में पसरा मातम
तीसरी कक्षा में पढ़ने वाला युवराज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। त्योहार के मौके पर हुई इस घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं। बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने शुरू की जांच, पहले भी हो चुका है विवाद
जानकारी के अनुसार, इस लड़ाई में शामिल पाड़े यादव परिवार के बताए जा रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस तरह के घातक आयोजनों पर रोक के बावजूद इनका आयोजन किया जाता है। करीब 3-4 साल पहले भी इसी तरह के आयोजन के दौरान पुलिस पर पथराव की घटना हो चुकी है। फिलहाल नागझिरी थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
