रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
एक्स का पैरेंटल कंट्रोल फीचर लॉन्च: बच्चों के स्क्रीन टाइम पर नजर रख सकेंगे पैरेंट्स, क्या हैं नए फीचर्स? – X Parental Controls Feature Parents Monitor Teen Screen Time Followers Dm Content Privacy
टेक्नोलॉजी

एक्स का पैरेंटल कंट्रोल फीचर लॉन्च: बच्चों के स्क्रीन टाइम पर नजर रख सकेंगे पैरेंट्स, क्या हैं नए फीचर्स? – X Parental Controls Feature Parents Monitor Teen Screen Time Followers Dm Content Privacy

November 27, 2026


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ने किशोरों के अकाउंट के लिए पैरेंटल कंट्रोल फीचर लॉन्च किया है। यह सुविधा 13 से 17 साल की उम्र के यूजर्स और उनके माता-पिता या अभिभावकों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इसकी मदद से माता-पिता बच्चों के स्क्रीन टाइम, फॉलोअर्स, कंटेंट और डायरेक्ट मैसेज (DM) से जुड़ी सेटिंग्स को नियंत्रित कर सकेंगे।

हालांकि, इस फीचर के जरिए माता-पिता बच्चों के निजी मैसेज नहीं पढ़ पाएंगे और न ही उनकी सर्च हिस्ट्री या देखे गए कंटेंट की जानकारी हासिल कर सकेंगे। X के मुताबिक, इसका मकसद बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा बढ़ाना और उनकी निजता बनाए रखना है।

X पैरेंटल कंट्रोल में मिलेंगे ये फीचर्स

  • नए पैरेंटल कंट्रोल फीचर के तहत माता-पिता पिछले एक सप्ताह में बच्चे के X इस्तेमाल का समय देख सकेंगे। इसके अलावा, वे रोजाना सोशल मीडिया इस्तेमाल करने की समय सीमा भी तय कर सकते हैं। इससे बच्चों के स्क्रीन टाइम को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
  • माता-पिता चाहें तो नए फॉलोअर्स को मंजूरी देने की सेटिंग भी चालू कर सकते हैं। ऐसा करने पर बच्चे का अकाउंट प्राइवेट हो जाएगा और नए लोग बिना अनुमति उसे फॉलो नहीं कर सकेंगे।
  • इसके अलावा, X पर ‘For You’ सेक्शन में दिखने वाली पोस्ट और वीडियो को केवल उन अकाउंट्स तक सीमित किया जा सकता है, जिन्हें बच्चा पहले से फॉलो करता है। माता-पिता कुछ खास शब्दों को फिल्टर कर सकते हैं और संवेदनशील कंटेंट दिखाने वाले मीडिया को बंद कर सकते हैं।
  • डायरेक्ट मैसेज के लिए भी कंट्रोल दिए गए हैं। माता-पिता तय कर सकेंगे कि बच्चे को कौन मैसेज भेज सकता है। वे यह भी देख पाएंगे कि बच्चे ने किन अकाउंट्स के साथ निजी बातचीत की है, लेकिन बातचीत के मैसेज नहीं पढ़ सकेंगे।

माता-पिता नहीं पढ़ पाएंगे बच्चों के निजी मैसेज

  • X ने स्पष्ट किया है कि पैरेंटल कंट्रोल के बावजूद किशोर अपने अकाउंट के मालिक बने रहेंगे। माता-पिता या अभिभावक बच्चे के अकाउंट से पोस्ट नहीं कर सकेंगे, निजी मैसेज नहीं पढ़ सकेंगे और न ही उसकी सर्च या व्यूइंग हिस्ट्री देख सकेंगे।
  • इस फीचर के तहत किए गए सभी बदलाव किशोर को दिखाई देंगे, जिससे अकाउंट की सेटिंग्स में होने वाले बदलावों को लेकर पारदर्शिता बनी रहेगी।
  • X के हेड ऑफ सेफ्टी माइकल ओ’हर्लिही के मुताबिक, माता-पिता को बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा के लिए जरूरी टूल्स मिलना चाहिए, जबकि किशोरों को अपनी डिजिटल पहचान और अकाउंट पर अधिकार बनाए रखने का अवसर भी मिलना चाहिए।

एक अभिभावक पांच किशोर अकाउंट से जुड़ सकेगा

X के नए सिस्टम में एक माता-पिता या अभिभावक अधिकतम पांच किशोर अकाउंट की निगरानी कर सकेंगे। वहीं, एक किशोर अकाउंट को एक समय में केवल एक अभिभावक से जोड़ा जा सकेगा।

पैरेंटल कंट्रोल शुरू करने के लिए माता-पिता और किशोर, दोनों की सहमति जरूरी होगी। यानी निगरानी की प्रक्रिया दोनों पक्षों की मंजूरी के बाद ही शुरू होगी। किशोर के वयस्क होने पर यह निगरानी अपने आप समाप्त हो जाएगी।

किशोरों के अकाउंट पर पहले से लागू हैं सुरक्षा सेटिंग्स

X का कहना है कि प्लेटफॉर्म 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए नहीं है। हालांकि, कुछ देशों में कानून के मुताबिक न्यूनतम उम्र इससे अधिक हो सकती है। किशोर यूजर्स के अकाउंट डिफॉल्ट रूप से प्रोटेक्टेड मोड में रहते हैं। संवेदनशील मीडिया पर प्रतिबंध और टारगेटेड विज्ञापनों से सुरक्षा जैसे उपाय भी लागू हैं।

नया पैरेंटल कंट्रोल फीचर इन मौजूदा सुरक्षा उपायों के अतिरिक्त उपलब्ध कराया गया है, जिससे परिवार बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को उनकी जरूरत के मुताबिक नियंत्रित कर सकेंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X