एमपी:फसल बचाने के लिए खेत में बिछाया करंट का जाल, चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत; खेत मालिक गिरफ्तार – Illegal Electric Fence Claims Elderly Man’s Life, Farm Owner Arrested
जंगली जानवरों और मवेशियों से फसल बचाने के लिए खेतों की मेड़ और बाड़ में अवैध रूप से बिजली का करंट फैलाना जानलेवा साबित हुआ। ग्राम भरौला में खेत की मेड़ पर लगाए गए करंट की चपेट में आने से 67 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खेत मालिक आरोपी मोहन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भरौला निवासी रामफल यादव (67) मवेशी चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला।
इसी बीच 23 नवंबर 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे रामफल यादव का शव ग्राम भरौला निवासी मोहन चौधरी के खेत की मेड़ पर पेट के बल पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
पढ़ें: उज्जैन में वक्फ कब्रिस्तान पर तोड़फोड़ से मुस्लिम समाज नाराज, शहर काजी बोले- ये न्यायालय की अवमानना
सूचना मिलने पर चौकी सिविल लाइन और थाना कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक निरीक्षण में मृतक के बाएं पैर के नीचे छिलने के निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मर्ग जांच के दौरान आसपास की परिस्थितियों एवं साक्ष्यों की पड़ताल की।
जांच में सामने आया कि आरोपी मोहन चौधरी ने अपने खेत की मेड़ पर लोहे का जीआई तार लगा रखा था। उसने बिजली के खंभे से अवैध तरीके से तार में करंट प्रवाहित कर रखा था। इसी तार की चपेट में आने से रामफल यादव की मौत हो गई।
मर्ग जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी मोहन चौधरी के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 606/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
करंट से सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील
इस घटना ने खेतों में फसल बचाने के नाम पर अवैध रूप से बिजली का करंट फैलाने के खतरनाक चलन पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे इंतजाम जंगली जानवरों और मवेशियों के साथ ही खेतों के आसपास से गुजरने वाले ग्रामीणों और राहगीरों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकते हैं। उमरिया पुलिस ने आमजन से अपील की है कि खेतों, बाड़ों और अन्य स्थानों पर अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित न करें। थोड़ी सी लापरवाही किसी निर्दोष व्यक्ति या पशु की जान ले सकती है।
