एमपी:शहडोल में जाली नोट छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच आरोपी गिरफ्तार; 8.71 लाख की जाली करेंसी बरामद – Major Counterfeit Currency Operation Busted; Five Suspects Arrested With Fake Notes Worth ₹8.71 Lakh
शहडोल जिले में जाली भारतीय करेंसी के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खैरहा थाना पुलिस ने जाली नोट छापने और उन्हें बाजार में खपाने के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 500 और 200 रुपये के कुल 1803 जाली नोट बरामद किए गए हैं। जब्त जाली करेंसी की कीमत 8 लाख 71 हजार 700 रुपये बताई गई है। इसके अलावा जाली नोट छापने में इस्तेमाल किया जा रहा एक प्रिंटर और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के ग्राम छिरहटी के जंगल में कुछ लोग जाली भारतीय करेंसी के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों की तलाशी ली। इस दौरान उनके कब्जे से जाली भारतीय करेंसी के नोट बरामद हुए। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल किया जा रहा प्रिंटर और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 500 रुपये के 1702 और 200 रुपये के 101 जाली नोट बरामद किए हैं। मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरविंद सिंह (28), निवासी ग्राम अर्जुली, थाना खैरहा, जिला शहडोल, मनीष कुमार सिंह (33), निवासी डिंडौरी, अनिल कुमार उरैती (36), निवासी ग्राम लालपुर, थाना गाड़ासरई, नहने सिंह मरकाम (54) और शरद सिंह मरावी (34), दोनों निवासी ग्राम बोंदर, थाना गाड़ासरई, जिला डिंडौरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि जाली नोट कहां छापे जा रहे थे और इन्हें किन क्षेत्रों में खपाने की योजना थी। यह कार्रवाई एसडीओपी धनपुरी विकास पांडेय के नेतृत्व में खैरहा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक उमाशंकर चतुर्वेदी और उनकी टीम ने की।
