शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
एमपी क्राइम:सिंगरौली बैंक डकैती का मुख्य आरोपी बिहार से गिरफ्तार, रेकी से लेकर फरारी तक खोले कई राज – Prime Accused In Bank Robbery Phantus Arrested In Bihar Prime Accused Bank Robbery Phantus Arrested In Bihar
सिंगरौली

एमपी क्राइम:सिंगरौली बैंक डकैती का मुख्य आरोपी बिहार से गिरफ्तार, रेकी से लेकर फरारी तक खोले कई राज – Prime Accused In Bank Robbery Phantus Arrested In Bihar Prime Accused Bank Robbery Phantus Arrested In Bihar

November 5, 2026


बैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 17 अप्रैल को हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में सिंगरौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने डकैती के मुख्य आरोपियों में शामिल फंटूस कुमार यादव उर्फ ननकी (22), पिता रामइकबाल यादव, निवासी खीरूबिगहा, जिला नालंदा (बिहार) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 1 सितंबर को हिलसा बाजार, थाना हिलसा, जिला नालंदा से पकड़ा गया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 79 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल दो अपाचे मोटरसाइकिल और हेलमेट बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने डकैती की योजना, घटनास्थल की रेकी और वारदात के बाद फरारी से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं।

डकैती से पहले की थी बैंक की रेकी

पुलिस के अनुसार पूछताछ में फंटूस ने बताया कि बैंक डकैती की योजना पीयूषराज जायसवाल ने बनाई थी। योजना के तहत वह अपने साथी कमलेश, पंकज, राजेश और छोटू के साथ वारदात से कुछ दिन पहले सिंगरौली आया था। आरोपियों ने बैंक और आसपास के क्षेत्र की रेकी की थी। इसके बाद तय योजना के मुताबिक 17 अप्रैल को बैंक में डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया।

झारखंड में छोड़ दी थीं दोनों बाइकें

वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिलों से फरार हुए। पुलिस के मुताबिक भागते समय उन्होंने घटना में इस्तेमाल दोनों मोटरसाइकिलों को झारखंड के गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र में लावारिस हालत में छोड़ दिया था। 25 अप्रैल 2026 को मेराल थाना क्षेत्र में तालाब के पास दो मोटरसाइकिल और एक हेलमेट लावारिस हालत में मिले थे। मेराल पुलिस ने इन्हें सुरक्षा की दृष्टि से थाने में रख लिया था। सिंगरौली पुलिस ने आरोपी से पूछताछ और पुलिस रिमांड के बाद दोनों मोटरसाइकिलों को बरामद कर जब्त किया।

पढे़ं: जहरीली शराब कांड में यूपी कनेक्शन पर बवाल: आमने-सामने आईं एमपी और यूपी पुलिस; ललितपुर ASP बोले- गलत जानकारी है

हिस्से में आए 79 हजार रुपये बरामद

पुलिस ने पूछताछ के बाद फंटूस के हिस्से में आई डकैती की रकम में से 79 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस अब उससे डकैती की बाकी रकम और लूटे गए अन्य सामान के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर मामले में शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

बिहार से जुड़े डकैती के तार

बैंक ऑफ महाराष्ट्र डकैती की जांच में सिंगरौली पुलिस पहले भी बिहार से आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। फंटूस की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को डकैती की साजिश, रेकी, वारदात को अंजाम देने और घटना के बाद फरारी के रास्ते से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस अब पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने में जुटी है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

कार्रवाई पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा, पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत और उपपुलिस महानिरीक्षक हेमंत सिंह चौहान के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. के मार्गदर्शन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और नगर पुलिस अधीक्षक हेमन्त कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को नालंदा, बिहार से गिरफ्तार किया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X