रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
एसबीआई में 93.60 लाख का गबन:गिरफ्तार पूर्व प्रबंधक से सच उगलवाने की कोशिश में जुटे ईओडब्ल्यू-एसीबी – Sbi Balco Branch 93 60 Lakh Embezzlement Former Manager Arrested
कोरबा

एसबीआई में 93.60 लाख का गबन:गिरफ्तार पूर्व प्रबंधक से सच उगलवाने की कोशिश में जुटे ईओडब्ल्यू-एसीबी – Sbi Balco Branch 93 60 Lakh Embezzlement Former Manager Arrested

November 29, 2026


sbi balco branch 93 60 lakh embezzlement former manager arrested

सांकेतिक तस्वीर

विस्तार

कोरबा जिले के भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की बाल्को शाखा में लगभग 93.60 लाख रुपये के गबन के मामले में दुमका से गिरफ्तार किए गए पूर्व मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार झा से आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) और भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने सच उगलवाने की कोशिश में जुटी है। आरोपी अधिकारी पर पद का दुरुपयोग कर बैंक के आंतरिक खातों से रकम अपनी पत्नी, वाहन चालक और अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों में स्थानांतरित करने का गंभीर आरोप है। बिलासपुर से गई टीम ने आरोपी को उसके दुमका स्थित आवास से पकड़ा था। अदालत ने आरोपी को पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

बैंक के आंतरिक खातों से राशि का स्थानांतरण

जांच के अनुसार आरोपी 1 जून, 2018 से 1 अगस्त, 2019 तक कोरबा स्थित बाल्को शाखा में मुख्य प्रबंधक पद पर तैनात था। इस अवधि में शाखा के वित्तीय लेन-देन और सभी खातों के प्रबंधन की जिम्मेदारी उसी के पास थी। आरोपी ने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर 93,60,797 रुपये अलग-अलग खातों में भेज दिए। उसने बैंक के तीन प्रमुख आंतरिक खातों, जिनमें टर्म लोन ब्याज खाता, सिस्टम सस्पेंस खाता और डिस्काउंट खाता शामिल हैं, से यह राशि निकाली थी। आरोपी ने इस रकम को अपनी पत्नी श्वेता झा, वाहन चालक रूदेश्वर सिंह ठाकुर और कुछ अन्य खाताधारकों के खातों में जमा कराया था।

जालसाजी और धोखाधड़ी का मामला दर्ज

मामले का खुलासा होने पर वर्ष 2020 में बैंक के तत्कालीन क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने रायपुर स्थित मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शुरुआती जांच के बाद एसीबी ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 409 के तहत मामला दर्ज किया था। इसके बाद जांच टीम ने बैंक से मूल बैच ट्रांसफर वाउचर, डेबिट वाउचर और संबंधित खातों के विवरण जब्त किए। इन दस्तावेज से स्पष्ट हुआ कि आरोपी अधिकारी ने स्वयं ये वाउचर तैयार करके राशि स्थानांतरित की थी। साक्ष्य सामने आने के बाद मामले में धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराएं जोड़ी गईं।

अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया

गबन की के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। एसीबी बिलासपुर की टीम ने सूचना मिलने पर झारखंड के दुमका में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद दुमका के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय से आरोपी की ट्रांजिट रिमांड हासिल किया गया। जांच दल आरोपी को लेकर छत्तीसगढ़ पहुंचा और उसे कोरबा के संबंधित न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को पुलिस रिमांड पर सौंपने का आदेश दिया। जांच एजेंसी अब आरोपी से गबन की गई राशि और इस अपराध में शामिल अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X