रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
कटनी से रवाना 4.42 करोड़ का सरकारी चावल रास्ते से गायब:32 में से 31 ट्रक नहीं पहुंचे गोदाम, 4 पर एफआईआर – Katni: Pds Rice Worth Rs 4.42 Crore Goes Missing, 31 Of 32 Trucks Untraced; Four Booked
कटनी

कटनी से रवाना 4.42 करोड़ का सरकारी चावल रास्ते से गायब:32 में से 31 ट्रक नहीं पहुंचे गोदाम, 4 पर एफआईआर – Katni: Pds Rice Worth Rs 4.42 Crore Goes Missing, 31 Of 32 Trucks Untraced; Four Booked

November 27, 2026


सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत भेजा गया 4 करोड़ 42 लाख 71 हजार 718 रुपये कीमत का फोर्टिफाइड चावल रास्ते से ही गायब हो गया। कटनी जिले से इंदौर, नीमच और हरदा के लिए रवाना किए गए कुल 32 ट्रकों में से 31 ट्रक अपने निर्धारित गोदामों तक नहीं पहुंचे। इस मामले में रंगनाथ नगर पुलिस थाने में परिवहनकर्ता फर्म के चार साझेदारों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान भेजे गए इस सरकारी खाद्यान्न का केवल एक ही ट्रक गंतव्य तक पहुंचा, जबकि शेष खाद्यान्न को रास्ते में ही खुर्द-बुर्द कर दिया गया। मध्य प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के कटनी प्रभारी जिला प्रबंधक रविकांत ठाकुर की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई शुरू की है।

सरकारी खाद्यान्न का बड़ा गबन

नागरिक आपूर्ति निगम की जांच रिपोर्ट के अनुसार कटनी जिले से हरदा, नीमच और इंदौर के सार्वजनिक वितरण प्रणाली गोदामों के लिए 32 ट्रकों में फोर्टिफाइड चावल की खेप भेजी गई थी। इन ट्रकों में कुल 21,765 बोरी खाद्यान्न भरा हुआ था, जिसका कुल वजन 10,797.18 क्विंटल था। वर्ष 2025 के अप्रैल माह से वर्ष 2026 के मार्च माह के बीच भेजी गई इस सामग्री में इंदौर के लिए आठ ट्रक यानी 2,641 क्विंटल, हरदा के लिए 14 ट्रक यानी 4,763 क्विंटल और नीमच के लिए 10 ट्रक यानी 3,569 क्विंटल खाद्यान्न रवाना किया गया था। हालांकि भौतिक सत्यापन कराने पर सामने आया कि हरदा के सभी 14 ट्रक, नीमच के 10 ट्रक और इंदौर के सात ट्रक अपने गंतव्य पर पहुंचे ही नहीं। इस तरह कुल 31 ट्रकों में भरा सरकारी चावल रास्ते में ही खुर्द-बुर्द कर दिया गया।

ये भी पढ़ें: एमपी: प्रदेश में 500 सरकारी सेवाओं के लिए बनेगा सिंगल लॉगिन सिस्टम, एक आईडी से होंगे कई काम

कंप्यूटर से बनाई गईं फर्जी पावतियां

घोटाले का खुलासा तब हुआ, जब कटनी के कलेक्टर आशीष तिवारी ने मामले की निष्पक्ष जांच कराई। जांच के दौरान जब परिवहनकर्ता फर्म से जवाब मांगा गया, तो फर्म के साझेदार ने खाद्यान्न पहुंचाने का दावा करते हुए सभी ट्रकों की पावतियां प्रस्तुत कर दीं। जब हरदा, नीमच और इंदौर के जिला प्रबंधकों से इन पावतियों का भौतिक सत्यापन कराया गया तो वे पूरी तरह फर्जी पाई गईं। जांच में पता चला कि इन पावतियों पर केंद्र प्रभारियों के हस्ताक्षर और सील कंप्यूटर के माध्यम से पेस्ट किए गए थे। इसके अतिरिक्त संबंधित जिलों के आवक रजिस्टर और ऑनलाइन पोर्टल पर भी चावल प्राप्ति की कोई प्रविष्टि नहीं पाई गई। फर्जीवाड़े की पुष्टि होने पर पुलिस ने फर्म के चार साझेदारों भोपाल निवासी दीपक जैन, चाकघाट रीवा निवासी किशन केशरवानी, शांति मिश्रा और त्योंथर रीवा निवासी मनोज कुमार तिवारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फर्म पर प्रतिबंध और सात दिन में रिपोर्ट के निर्देश

जांच दल की रिपोर्ट में परिवहनकर्ता फर्म का कृत्य निविदा की शर्तों के सर्वथा विपरीत पाया गया। भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस नामक इस फर्म को वर्ष 2024-25 के दौरान कटनी में खाद्यान्न परिवहन का अनुबंध सौंपा गया था। इस बड़े गबन के सामने आते ही मध्य प्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम भोपाल के प्रबंध संचालक ने तुरंत कदम उठाते हुए भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को कटनी जिले के परिवहन कार्य से पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है। 

इसके साथ ही प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मंगलवार को इस मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों का एक दल गठित कर सात दिन के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश जारी किए हैं। उल्लेखनीय है कि फोर्टिफाइड चावल में आयरन, फोलिक एसिड और विटामिन बी-12 जैसे आवश्यक सूक्ष्म पोषक तत्व मिलाए जाते हैं, ताकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लाभार्थियों को एनीमिया और कुपोषण जैसी समस्याओं से बचाया जा सके।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X