भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार की अधूरी चुनावी गारंटियों के खिलाफ भाजपा 19 नवंबर (कल) को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में महिलाओं के साथ धरना-प्रदर्शन करेगी। मंगलवार को कांगड़ा स्थित उत्सव पैलेस में प्रदेश पदाधिकारी बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देने की गारंटी पूरी करने की मांग उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी 28 लाख बहनों को उनका अधिकार मिलना चाहिए और प्रदर्शन का नारा ‘1500 नहीं, 72 हजार चाहिए’ होगा। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, संजीव कटवाल, पायल वैद्य, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और विधायक पवन काजल सहित अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया। इसमें संगठनात्मक गतिविधियों और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की गई। डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुट गई है।