शहडोल:जय अम्बे कंपनी के कैंप में भीषण आग, करोड़ों के नुकसान की आशंका; सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल – Major Fire At Jai Ambe Company Camp; Losses Estimated In The Crores
रामपुर बटुरा मेगा प्रोजेक्ट में कार्यरत जय अम्बे प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कैंप में सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से कैंप में रखे सामान और अन्य संसाधनों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। शुरुआती जानकारी में नुकसान का आंकड़ा करोड़ों रुपये तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद उसे नियंत्रित करने के लिए तत्काल प्रभावी इंतजाम नहीं हो सके। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि औद्योगिक परियोजना में काम करने वाली ठेका कंपनी के कैंप में आग बुझाने के पर्याप्त उपकरण और प्रशिक्षित कर्मचारी तैनात थे या नहीं। यदि सुरक्षा के इंतजाम मौजूद थे तो आग पर समय रहते काबू क्यों नहीं पाया जा सका? वहीं, यदि पर्याप्त संसाधन नहीं थे तो कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर कंपनी प्रबंधन कितना गंभीर था?
ये भी पढ़ें- स्कूल बना अखाड़ा: छात्र के पिता-भाई ने स्पोर्ट्स टीचर को पीटा, शिक्षिकाओं से अभद्रता और धमकी देने का आरोप
घटना को लेकर एक और गंभीर सवाल जिम्मेदार अधिकारियों की मौजूदगी को लेकर उठ रहा है। आरोप है कि आग लगने के करीब चार घंटे बाद तक कंपनी के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। आपातकालीन स्थिति में अधिकारियों की इस कथित लापरवाही को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। कंपनी के सेफ्टी विभाग के प्रमुख केके पांडेय की निगरानी व्यवस्था भी चर्चा में है।
एसईसीएल की निगरानी पर भी सवाल
इस घटना ने एसईसीएल प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था को भी कठघरे में खड़ा कर दिया है। सवाल है कि क्या ठेका कंपनी के कैंप का नियमित फायर सेफ्टी ऑडिट कराया जाता था? क्या अग्निशमन उपकरणों और आपातकालीन व्यवस्थाओं का समय-समय पर निरीक्षण किया गया था? अब जरूरत है कि घटना की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए और सुरक्षा में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय हो, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
