बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
कार्रवाई:मैहर में छात्राओं से शौचालय की सफाई कराने का वीडियो वायरल, कलेक्टर ने हेडमास्टर को किया निलंबित – Video Of Female Students Being Made To Clean Toilets In Maihar Goes Viral; Collector Suspends Headmaster
मैहर

कार्रवाई:मैहर में छात्राओं से शौचालय की सफाई कराने का वीडियो वायरल, कलेक्टर ने हेडमास्टर को किया निलंबित – Video Of Female Students Being Made To Clean Toilets In Maihar Goes Viral; Collector Suspends Headmaster

November 18, 2026


जिले के शासकीय स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। घुनवारा स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में स्कूल की छात्राएं पढ़ाई करने के बजाय विद्यालय के शौचालय की सफाई करती नजर आ रही हैं। किसी छात्रा के हाथ में वाइपर है तो कोई पानी का जग लेकर फर्श पर पानी डालते हुए सफाई में जुटी दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने संबंधित विद्यालय के हेडमास्टर को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

हाथों में किताबों की जगह सफाई के उपकरण

जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो मैहर जिले के घुनवारा स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय का बताया जा रहा है। यह वीडियो सोमवार दोपहर का बताया जा रहा है, जो मंगलवार को सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो में विद्यालय की छात्राएं शौचालय के अंदर सफाई करती दिखाई दे रही हैं। एक छात्रा वाइपर से फर्श साफ कर रही है, जबकि दूसरी छात्रा पानी का जग लेकर सफाई में सहयोग करती नजर आ रही है। जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें और कॉपियां होनी चाहिए, उस उम्र में छात्राओं को शौचालय की सफाई करते देखे जाने से विद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, छात्राओं से सफाई किसके निर्देश पर कराई गई और इसके पीछे क्या परिस्थितियां थीं, यह जांच का विषय है।

ये भी पढ़ें- एमपी कैबिनेट के फैसले: सरकारी नौकरी में दो बच्चों की शर्त खत्म, 15 हजार करोड़ का केमिकल पार्क; 2.27 लाख रोजगार

वीडियो सामने आते ही प्रशासन ने लिया संज्ञान

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला प्रशासन तक पहुंचा। कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित हेडमास्टर के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। कलेक्टर ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया था, जिसके बाद संबंधित हेडमास्टर को निलंबित किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

जांच में सामने आएगी जिम्मेदारों की भूमिका

अब प्रशासनिक जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि छात्राओं से शौचालय की सफाई किन परिस्थितियों में कराई गई, क्या इसके लिए विद्यालय के किसी शिक्षक या जिम्मेदार अधिकारी ने निर्देश दिए थे और इस पूरे घटनाक्रम में विद्यालय प्रबंधन की क्या भूमिका रही। जांच के आधार पर अन्य जिम्मेदारों के विरुद्ध भी कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना ने सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा, सम्मान और शैक्षणिक माहौल को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूलों में बच्चों को पढ़ाई के लिए भेजा जाता है, न कि उनसे इस तरह के सफाई कार्य कराने के लिए। फिलहाल सभी की नजरें प्रशासनिक जांच पर टिकी हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X