रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
किरेन रिजिजू ने ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर से की मुलाकात, आगामी टूर्नामेंट के लिए दीं शुभकामनाएं – Kiren Rijiju Meets Olympic Medalist Manu Bhaker, Wishes Her Success In Upcoming Tournaments
खेल

किरेन रिजिजू ने ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर से की मुलाकात, आगामी टूर्नामेंट के लिए दीं शुभकामनाएं – Kiren Rijiju Meets Olympic Medalist Manu Bhaker, Wishes Her Success In Upcoming Tournaments

November 28, 2026


Kiren Rijiju Meets Olympic Medalist Manu Bhaker, Wishes Her Success in Upcoming Tournaments

किरेन रिजिजू- मनु भाकर
– फोटो : X/Kiren Rijiju

विस्तार

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भारत की स्टार निशानेबाज और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर से खास मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मनु भाकर को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी अपनी उपलब्धियों से देश का नाम रोशन करती रहेंगी। रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मनु भाकर के साथ मुलाकात की तस्वीर साझा की। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘भारत की दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर से मिलकर अच्छा लगा। भविष्य के टूर्नामेंट के लिए उन्हें मेरी ओर से शुभकामनाएं। वह भारत का नाम और भी रोशन करें।’

पेरिस ओलंपिक में रचा था इतिहास

मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक 2024 में शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रचा था। वह आजाद भारत के इतिहास में एक ही ओलंपिक संस्करण में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी थीं। उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया था। इसके बाद उन्होंने सरबजोत सिंह के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में भी कांस्य पदक जीता था। उनके इस प्रदर्शन ने भारतीय निशानेबाजी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई।

आईएसएसएफ एथलीट कमेटी में भी मिली जगह

मनु भाकर ने हाल ही में अपने करियर में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें 2026-2030 के कार्यकाल के लिए इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) की एथलीट कमेटी में चुना गया है। उन्हें पिस्टल श्रेणी में नामित किया गया था, जहां उन्होंने दो उपलब्ध पदों के लिए नौ अन्य उम्मीदवारों के साथ प्रतिस्पर्धा की। इस चुनाव के लिए काहिरा और दोहा में आयोजित आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप के दौरान मतदान कराया गया। इसमें संबंधित प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले पात्र खिलाड़ियों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

खिलाड़ियों की आवाज मजबूत करना चाहती हैं मनु

आईएसएसएफ एथलीट कमेटी में अपनी भूमिका को लेकर मनु भाकर ने खेल से जुड़े फैसलों में खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया है। उनका एजेंडा खिलाड़ियों की आवाज को मजबूत बनाने और उनकी समस्याओं को सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की व्यवस्था तैयार करने पर केंद्रित है। इसके अलावा वह प्रतियोगिताओं के नियमों में एकरूपता, खिलाड़ियों के लिए बेहतर आर्थिक और व्यावसायिक अवसर तथा उनकी कल्याण सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में काम करना चाहती हैं। मनु भाकर की ओलंपिक उपलब्धियों के बाद अंतरराष्ट्रीय खेल प्रशासन में मिली यह जिम्मेदारी उनके करियर का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X