कोटद्वार हादसे में आठ जिदंगियां खत्म: मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा चालक, घर पहुंचने से चार किमी पहले ही थमा सफर – Kotdwar Accident Eight Dead Driver Loses Control At Sharp Turn Vehicle Plunges Into Gorge
शनिवार की सुबह भंगल्वाण गांव में रोज की तरह चहल-पहल थी। घरों से हंसती-मुस्कराती निकली महिलाएं स्वयं सहायता समूह के काम से सिद्धखाल और रिखणीखाल बाजार गई थीं। किसी ने सोचा भी नहीं था कि घर से खुशी-खुशी निकलीं ये महिलाएं कभी वापस नहीं लौटेंगी।
काम निपटाने के बाद दोपहर में सभी गांव के रहने वाले अनिल देवराड़ा की ईको वैन में सवार होकर घर लौट रही थीं। गांव का करीब आधा रास्ता तय हो चुका था और आधा सफर बाकी था लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। कलवाड़ी के पास एक मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में सात महिलाओं और चालक की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, कलवाड़ी के पास मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वैन सीधे गहरी खाई में समा गई। ग्रामीण क्षेत्र की यह सड़क कच्ची है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि मोड़ पर वाहन को संभालने के दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया
हादसे की खबर जिसने भी सुनी, वह घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोग बदहवास होकर अपनों की तलाश करते रहे। खाई में बिखरे वाहन और चारों ओर पसरा मंजर हर किसी को झकझोर रहा था। हादसे ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया।
समाजसेवी चंद्रभूषण नौगाईं और दीनबंधु बलोधी ने बताया कि यह हादसा भंगल्वाण गांव के लोगों को जीवनभर का ऐसा जख्म दे गया है, जिसे शायद ही कभी भुलाया जा सके। हादसे में जान गंवाने वाली सभी महिलाएं भंगल्वाण गांव की ही रहने वाली थीं। वे स्वयं सहायता समूह के काम से सिद्धखाल गई थीं और काम निपटाकर घर लौट रही थीं।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी देवेंद्र पींचा, एएसपी मनोज कुमार ठाकुर और लैंसडौन की एसडीएम शालिनी मौर्य भी घटनास्थल पर पहुंचीं। जिलाधिकारी ने बताया कि वाहन चालक का पोस्टमार्टम कोटद्वार में कराया जाएगा, जबकि सातों महिलाओं का पोस्टमार्टम पीएचसी रिखणीखाल में कराया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। .
