गंगा एक्सप्रेसवे पर गजब का सेफ्टी फीचर, गाड़ी किनारे जाते ही आने लगती है आवाज, नींद आने पर भी मिल जाता है अलर्ट!
Last Updated:
गंगा एक्सप्रेसवे पर बने रंबल स्ट्रिप्स का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो गाड़ी सड़क से भटकने पर ड्राइवर को अलर्ट करता है. रात के सफर में यह खास फीचर काफी उपयोगी साबित हो सकता है, जिससे ड्राइवर का ध्यान सड़क पर वापस आ सकता है. वीडियो में व्लॉगर ने गंगा एक्सप्रेसवे की तुलना दूसरे एक्सप्रेसवे से की, जिस पर सोशल मीडिया यूजर्स के बीच बहस छिड़ गई.
गंगा एक्सप्रेसवे पर गजब का सेफ्टी फीचर(फोटो: Instagram- @bh.xplorer)
सड़क पर लंबा सफर तय करते समय कई बार ड्राइवर थक जाते हैं या उनका ध्यान भटकने लगता है. खासकर रात के समय हाईवे और एक्सप्रेसवे पर गाड़ी चलाते हुए नींद आने का खतरा रहता है. ऐसे में सड़क पर मौजूद कुछ खास इंतजाम ड्राइवरों को सतर्क करने में मदद करते हैं. इन दिनों गंगा एक्सप्रेसवे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क किनारे बनी एक खास पट्टी का इस्तेमाल दिखाया गया है. जैसे ही गाड़ी के टायर इस पट्टी पर जाते हैं, तेज खड़खड़ाहट सुनाई देने लगती है. यह आवाज ड्राइवर को सतर्क करने का काम करती है.
दरअसल, गंगा एक्सप्रेसवे पर सड़क के किनारों पर रंबल स्ट्रिप्स (Rumble Strips) बनाई गई हैं. ये सड़क पर बनी ऐसी उभरी हुई या खुरदरी पट्टियां होती हैं, जिन पर गाड़ी के टायर चढ़ते ही आवाज और कंपन पैदा होता है. अगर कोई ड्राइवर गाड़ी चलाते समय ध्यान भटकने, थकान या नींद के कारण सड़क से किनारे की तरफ जाने लगता है, तो इन पट्टियों पर टायर पड़ते ही तेज आवाज सुनाई देती है. इससे ड्राइवर का ध्यान दोबारा सड़क पर आ सकता है और उसे अपनी गाड़ी संभालने का संकेत मिल जाता है.
रात के सफर में बेहद काम आ सकता है यह फीचर
इंस्टाग्राम पर BH एक्सप्लोरर नाम से वीडियो बनाने वाले व्लॉगर गंगा एक्सप्रेसवे से गुजर रहे थे. रात के समय सफर करते हुए उन्होंने इस फीचर को दिखाया. वीडियो में वह बताते हैं कि अगर रात में गाड़ी चलाते समय आपको नींद आने लगे और गाड़ी धीरे-धीरे सड़क के किनारे जाने लगे, तो रंबल स्ट्रिप्स के संपर्क में आते ही तेज आवाज होने लगती है. यह आवाज ड्राइवर को सावधान कर सकती है. व्लॉगर के मुताबिक, गंगा एक्सप्रेसवे पर सड़क के दोनों तरफ यानी लेफ्ट और राइट साइड में रंबल स्ट्रिप्स लगाई गई हैं. लंबी दूरी तक गाड़ी चलाने वाले लोगों के लिए यह एक उपयोगी सुरक्षा इंतजाम है. खासकर रात में जब सड़क खाली होती है और ड्राइवर को थकान महसूस होने लगती है, तब इस तरह की पट्टियां ध्यान दिलाने में मदद कर सकती हैं.
View this post on Instagram
