सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
गंगा स्नान मेला :भैंसा-बुग्गी दौड़ पर पूर्ण प्रतिबंध – Ganga Snan Mela: Complete Ban On Bullock-cart Races
मेरठ

गंगा स्नान मेला :भैंसा-बुग्गी दौड़ पर पूर्ण प्रतिबंध – Ganga Snan Mela: Complete Ban On Bullock-cart Races

November 16, 2026


-पुलिस अलर्ट, सुभाष बाजार चौकी प्रभारी ने क्षेत्र में लगवाए चेतावनी लिखे बैनर और पोस्टर

– कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी

संवाद न्यूज एजेंसी

मवाना। मखदूमपुर गंगा स्नान मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से कमर कस चुका है। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट और कड़े निर्देश जारी किए हैं कि मेले के दौरान या मेले के रास्तों पर किसी भी प्रकार की भैंसा-बुग्गी दौड़ का आयोजन, प्रतिभाग या भैंसा बुग्गी/फिरक को दौड़ाने की घटना को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई भी व्यक्ति इस नियम का उल्लंघन करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के इन्हीं आदेशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार के निर्देशन में रविवार को सुभाष बाजार चौकी प्रभारी पवन कुमार ने पुलिस टीम के साथ चौकी क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख चौराहों, तिराहों और सार्वजनिक स्थानों पर जन-जागरुकता और चेतावनी से संबंधित बैनर और पोस्टर चस्पा करवाए। इन बैनर-पोस्टरों के माध्यम से आम जनता को साफ तौर पर आगाह किया गया है कि भैंसा-बुग्गी दौड़ पूरी तरह से प्रतिबंधित है। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

चौकी प्रभारी ने स्थानीय नागरिकों, ग्रामीणों और राहगीरों से संवाद स्थापित करते हुए अपील की कि वह प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी तरह की भैंसा-बुग्गी दौड़ का हिस्सा न बनें। उन्होंने कहा कि इस तरह की दौड़ से न केवल बेजुबान पशुओं के प्रति क्रूरता होती है, बल्कि सड़कों पर चलने वाले अन्य श्रद्धालुओं और आम राहगीरों की जान को भी गंभीर खतरा उत्पन्न होता है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

भैंसा बोगी दौड प्रतियोगिता के संबंध में पोस्टर लगाती पुलिस। (मवाना)

भैंसा बोगी दौड प्रतियोगिता के संबंध में पोस्टर लगाती पुलिस। (मवाना)

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X