शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
गर्दन पर रखा चाकू, फिर फेवीक्विक से चिपकाए हाथ; बेंगलुरु में दिनदहाड़े महिला से मंगलसूत्र लूटने की कोशिश
वायरल

गर्दन पर रखा चाकू, फिर फेवीक्विक से चिपकाए हाथ; बेंगलुरु में दिनदहाड़े महिला से मंगलसूत्र लूटने की कोशिश

November 3, 2026


Bengaluru Viral News: बेंगलुरु के पॉश इलाके इंदिरानगर में दिनदहाड़े लूट की एक ऐसी खौफनाक और हैरान करने वाली वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया. 100 फीट रोड पर स्थित एक जूता मरम्मत की दुकान में काम करने वाली महिला को चाकू की नोक पर बंधक बनाकर लूटने की रोंगटे खड़े कर देने वाली कोशिश की गई. आरोपी ने महिला को बेबस करने के लिए ऐसा पैंतरा आजमाया जो आमतौर पर फिल्मों में ही दिखता है – उसने फेवीक्विक डालकर महिला के दोनों हाथ मेज से चिपका दिए ताकि वह कोई विरोध न कर सके.

यह सनसनीखेज वारदात 31 अक्टूबर की सुबह करीब पौने बारह बजे हुई. 40 साल के प्रभुराज उर्फ राज नाम के बदमाश ने दुकान में घुसते ही पहले महिला की गर्दन पर चाकू अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद हाथ चिपकाकर उसने महिला का मंगलसूत्र और सोने की चेन झपटने की कोशिश की. मौत को सामने देख महिला ने पूरी ताकत से शोर मचाना शुरू कर दिया. चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके की तरफ दौड़े. लोगों ने फुर्ती दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया, जमकर सबक सिखाया और फौरन इंदिरानगर पुलिस के हवाले कर दिया.

चाकू की नोक पर महिला को बनाया बंधक
‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, प्रभुराज जूतों की मरम्मत करने वाली दुकान में यह कहते हुए घुसा कि कोई उसका पीछा कर रहा है और उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है, इसलिए वह वहां शरण लेना चाहता है. जब वह महिला के पास पहुंचा, तो वह दुकान में अकेली थी.

Man held a lady hostage during a botched attempt to snatch gold chain – Good to see people decided not to just film but act… Bangaluru has been consistent in being a city of Gentlemen who come to the rescue.
https://t.co/ElcQnbZlNT

आरोप है कि उसने चाकू निकाला, उसे महिला की गर्दन पर रखा और उसका सोने का मंगलसूत्र मांग लिया. इस चेन का वजन लगभग 35 ग्राम था और इसकी कीमत करीब 4.5 लाख रुपये थी. महिला को विरोध करने या भागने से रोकने के लिए, आरोपी ने कथित तौर पर उसके दोनों हाथों पर फेविक्विक लगा दिया और उन्हें दुकान की मेज से चिपका दिया. इसके बाद उसने महिला की गर्दन से चेन निकालने की कोशिश की.

स्थानीय लोगों ने आरोपी को काबू में किया
महिला ने मदद के लिए शोर मचाया, जिससे आस-पास की दुकानों में काम करने वाले लोग और वहां से गुजरने वाले लोग सतर्क हो गए. जैसे ही वे अंदर पहुंचे, प्रभुराज ने कथित तौर पर महिला की गर्दन पर चाकू लगा दिया और धमकी दी कि अगर कोई भी करीब आया, तो वह उसे मार डालेगा. बताया जा रहा है कि भागने की कोशिश के दौरान उसने महिला को ढाल की तरह इस्तेमाल करने की भी कोशिश की. हालांकि, स्थानीय लोगों ने उसका ध्यान भटकाया, उसे काबू में किया और महिला को सुरक्षित छुड़ा लिया, जिसके बाद उसे इंदिरा नगर पुलिस के हवाले कर दिया गया. महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया; बताया गया है कि वह बिना किसी गंभीर चोट के बच गई. पुलिस ने कहा कि घटना के बाद वह सुरक्षित है.

आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
इंदिरानगर पुलिस ने चेन छीनने की कोशिश के मामले में केस दर्ज किया और प्रभुराज को गिरफ्तार कर लिया. बाद में उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस उसके बैकग्राउंड की जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि वह डिलीवरी एजेंट के तौर पर काम करता था. अधिकारियों ने यह भी गौर किया कि वह मानसिक रूप से परेशान और डिप्रेशन में लग रहा था, हालांकि घटना से जुड़ी परिस्थितियों की अभी भी जांच चल रही है.

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, बेंगलुरु सिटी पुलिस ने आम लोगों की समय पर की गई मदद की सराहना की और बताया कि संदिग्ध को पकड़ लिया गया है और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस ने यह भी कहा कि वे सतर्क हैं और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X