रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
गाजियाबाद:डीएमई पर स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, दंपती और बेटे की मौत; पैदल एक्सप्रेसवे पार कर रहे थे तीनों – Three People, Including A Woman, Killed In A Road Accident On Nh-9 In Ghaziabad
गाज़ियाबाद

गाजियाबाद:डीएमई पर स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, दंपती और बेटे की मौत; पैदल एक्सप्रेसवे पार कर रहे थे तीनों – Three People, Including A Woman, Killed In A Road Accident On Nh-9 In Ghaziabad

November 23, 2026


Three people, including a woman, killed in a road accident on NH-9 in Ghaziabad

सड़क हादसे में तीन की मौत

विस्तार

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक ही परिवार की तीन जिंदगियां छीन लीं। बागू के पास एचपी पेट्रोल पंप के सामने मेरठ से दिल्ली जाने वाली लेन पर पैदल एक्सप्रेसवे पार कर रहे दंपती और उनके जवान बेटे को स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मथुरा के कोसीकलां क्षेत्र के गांव धेगांव निवासी हरलाल (55), उनकी पत्नी गुड्डो (50) और बेटे तेजवीर (21) की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक स्कॉर्पियो मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

हादसा सुबह करीब 10:30 बजे क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में हुआ। हरलाल तीन दिन पहले अपने रिश्तेदार नरेश कुमार के घर बेटी की शादी में शामिल होने पत्नी और बेटे के साथ बागू आए थे। नरेश कुमार की बेटी प्रियंका की शादी 21 नवंबर को हुई थी। सोमवार को तीनों को पलवल जाने के लिए ईएमयू ट्रेन पकड़नी थी। इसके लिए वे रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकले थे।

नरेश कुमार के मुताबिक, बागू के पास एक्सप्रेसवे पार करते समय तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर जुटे लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में कुछ दिन पहले शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहां मातम पसरा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो कब्जे में ले ली है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X