गाजियाबाद:35 अंक गिरा एक्यूआई, फिर भी सांसों पर प्रदूषण का पहरा – Aqi Drops By 35 Points, Yet Pollution Continues To Weigh On Our Breathing
साहिबाबाद। शहर में मंगलवार को वायु प्रदूषण के स्तर में गिरावट दर्ज की गई, लेकिन लोगों को प्रदूषित हवा से राहत नहीं मिली। सोमवार के मुकाबले शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 35 अंक कम होकर 206 पर पहुंच गया। वहीं लोनी के वेद विहार में प्रदूषण का स्तर बढ़ने से स्थिति चिंताजनक बनी रही। यहां एक्यूआई 333 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में है।
शहर के नौ निगरानी केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार, चार केंद्रों पर हवा मध्यम, चार पर खराब और एक केंद्र पर बहुत खराब श्रेणी में रही। वेद विहार में सोमवार को एक्यूआई 310 था, जो मंगलवार को बढ़कर 333 हो गया। इसके विपरीत संजयनगर में एक्यूआई 231 से घटकर 146 और इंदिरापुरम में 213 से घटकर 130 पर आ गया।
वसुंधरा में भी प्रदूषण का स्तर 234 से घटकर 166 दर्ज किया गया। वहीं वेव सिटी में 253 और गोविंदपुरम में 247 एक्यूआई रहा। डासना देहात में 213 और लोनी की नई तहसील में 204 एक्यूआई दर्ज किया गया। आंकड़ों के अनुसार, इंदिरापुरम में हवा सबसे साफ रही, जबकि वेद विहार सबसे प्रदूषित क्षेत्र रहा।
प्रमुख केंद्रों का एक्यूआई
निगरानी केंद्र एक्यूआई
वेद विहार लोनी – 333
गोविंदपुरम – 247
वेव सिटी – 253
वसुंधरा – 166
दासना देहात – 213
संजयनगर – 146
न्यू तहसील लोनी – 204
इंदिरापुरम – 130
लोनी – 164
एक्यूआई कम करने के लिए टीम को क्षेत्र में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही साथ निगम से भी समय-समय पर पानी का छिड़काव क्षेत्र में कराने के लिए कहा गया है।– अंकित सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी, यूपीपीसीबी।
