रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
गूलरभोज:तराई के जलाशयों में लौटे विदेशी मेहमान, 100 से अधिक रेड-क्रेस्टेड पोचार्ड ने डाला डेरा – Migratory Visitors Return To The Water Bodies Of The Terai; Over 100 Red-crested Pochards Spotted
ऊधम सिंह नगर

गूलरभोज:तराई के जलाशयों में लौटे विदेशी मेहमान, 100 से अधिक रेड-क्रेस्टेड पोचार्ड ने डाला डेरा – Migratory Visitors Return To The Water Bodies Of The Terai; Over 100 Red-crested Pochards Spotted

November 24, 2026


Migratory visitors return to the water bodies of the Terai; over 100 Red-crested Pochards spotted

गूलरभोज जलाशय में वितरण करते मेहमान परिंदे।
– फोटो : संवाद

विस्तार

शीत ऋतु की दस्तक के साथ ही तराई के जलाशय एक बार फिर विदेशी मेहमानों से गुलजार हो गए हैं। यूरोप और मध्य एशिया की बर्फीली ठंड से बचकर हजारों किलोमीटर का लंबा सफर तय कर पहुंचे प्रवासी पक्षियों की चहचहाहट से हरिपुरा और बौर जलाशय की रौनक लौट आई है।

100 से अधिक रेड-क्रेस्टेड पोचार्ड समेत अन्य प्रवासी पक्षियों ने इन जलाशयों में डेरा डाला है। ये आकर्षक और खूबसूरत बतख और हंस लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। सर्दियां शुरू होते ही यूरोप और मध्य एशिया में तापमान माइनस में पहुंचने पर प्रवासी पक्षी गर्म क्षेत्रों का रुख करते हैं। हर साल गूलरभोज के बौर और हरिपुरा जलाशय इनका अस्थायी ठिकाना बनते हैं। सर्दियों में कई प्रजातियों के पक्षी इन जलाशयों की शोभा बढ़ाते हैं। मार्च में गर्मी बढ़ते ही ये अपने मूल निवास की ओर लौट जाते हैं। प्रवासी पक्षियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग इन जलाशयों की सैर पर आते हैं।

शिकारी भी बैठे रहते हैं ताक में

बौर और हरिपुरा जलाशय में आने वाले प्रवासी पक्षियों पर शिकारियों की भी नजर रहती है। मांस के लिए इनके शिकार के कई मामले सामने आ चुके हैं। जनवरी 2021 में सितारगंज में आठ और गूलरभोज में 12 पक्षियों के शिकार का मामला सामने आया था। जनवरी 2022 में बौर जलाशय में शिकारियों की नाव से 19 मृत और तीन जीवित पक्षी बरामद हुए थे। दिसंबर 2023 में गश्त के दौरान दो मौकों पर मृत पक्षी मिले थे जबकि जनवरी 2023 में एक शिकारी को 12 मृत पक्षियों के साथ गिरफ्तार किया गया था। जनवरी 2024 में दो आरोपियों के पास से 21 मृत प्रवासी पक्षी बरामद हुए थे।

चुनौती से निपटने के लिए विभाग तैयार

प्रवासी पक्षियों के आगमन के साथ ही वन विभाग भी सतर्क हो गया है। जलाशयों में शिकार की आशंका को देखते हुए एंटी पोचिंग टीम तैनात कर दी गई है। टीम में वन दरोगा और चार वन आरक्षी शामिल हैं जो दिन-रात गश्त कर पक्षियों की निगरानी कर रहे हैं।

प्रवासी पक्षियों के आने का सिलसिला अभी शुरू ही हुआ है। दोनों जलाशयों में पक्षियों की सुरक्षा के लिए टीम तैनात कर दी गई है। शिकार की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। -पीसी जोशी, रेंजर, पीपल पड़ाव रेंज

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X