शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
ग्वालियर:करवा चौथ मनाने आया एसएसबी जवान पत्नी की हत्या कर फरार, रातभर शव के पास सोया, बेटी ने खोला राज – Gwalior: Ssb Constable Accused Of Killing Wife; 12-year-old Daughter’s Account Exposes Crime
ग्वालियर

ग्वालियर:करवा चौथ मनाने आया एसएसबी जवान पत्नी की हत्या कर फरार, रातभर शव के पास सोया, बेटी ने खोला राज – Gwalior: Ssb Constable Accused Of Killing Wife; 12-year-old Daughter’s Account Exposes Crime

November 3, 2026


Gwalior: SSB Constable Accused of Killing Wife; 12-Year-Old Daughter's Account Exposes Crime

पति ने पत्नी का गला दवाकर मौत के घाट उतारा

विस्तार

करवा चौथ मनाने जम्मू-कश्मीर से ग्वालियर आए SSB जवान ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी रातभर पत्नी के शव के पास बेडरूम में सोता रहा। सोमवार सुबह करीब 6 बजे वह पत्नी का शव गाड़ी में रखकर अपने पुश्तैनी गांव भिंड के छौंदा ले गया और वहां ससुराल वालों को फोन करके पत्नी की हार्ट अटैक से मौत होने की बात कही लेकिन पत्नी के शरीर पर चोट के निशान देखकर मायके पक्ष को शक हुआ। परिजनों के सवाल करने पर आरोपी ने अपनी सर्विस पिस्टल दिखाकर उन्हें धमकाया। इसके बावजूद 12 साल की बेटी ने चुपके से अपने मामा को पिता की करतूत बता दी। बेटी के बयान के बाद हत्या का मामला उजागर हो गया। फिलहाल आरोपी गांव से फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ज्ञान सिंह मूल रूप से भिंड जिले के छौंदा गांव का रहने वाला है। वह SSB में सिपाही है और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में तैनात है। ज्ञान सिंह 27 अक्टूबर को करवा चौथ मनाने छुट्टी लेकर ग्वालियर आया था। वह मुरार थाना क्षेत्र के खुरैरी गांव में किराए के मकान में पत्नी रिंकी जाटव और बच्चों के साथ रह रहा था। रविवार को आरोपी के पिता इलाज कराने भिंड से ग्वालियर आए थे। इलाज के बाद रिंकी ने अपने ससुर को वापस भिंड छोड़ आने के लिए कहा। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। ज्ञान सिंह अपने पिता को भिंड छोड़कर रविवार रात वापस ग्वालियर लौटा।

बताया जा रहा है कि घर लौटने के बाद रिंकी मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी। इसी बात को लेकर ज्ञान सिंह को शक हुआ और उसने पत्नी के चरित्र पर सवाल उठाते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ज्ञान सिंह ने पत्नी को जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उसकी छाती पर पैर रखकर गला घोंट दिया। उस समय घर में 14 साल का बेटा दीपू और 12 साल की बेटी प्रियांशी भी मौजूद थे। दोनों बच्चों ने अपनी आंखों के सामने मां की हत्या होते देखी। वारदात के बाद आरोपी ने पत्नी के शव को बेडरूम में रखा और रातभर उसी कमरे में सोता रहा।

ये भी पढ़ें: गांव में चीते का खौफ: कूनो से निकलकर राजस्थान होते हुए गुना के जंगल में पहुंचा चीता, वन विभाग ने करवाई मुनादी

इसके बाद सोमवार सुबह करीब 6 बजे आरोपी पत्नी का शव गाड़ी में रखकर भिंड जिले के छौंदा गांव पहुंचा। वहां उसने पत्नी के मायके भीरमपुरा में रहने वाले साले सचिन जाटव को फोन कर बताया कि रिंकी की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे। रिंकी के शरीर पर चोट के निशान और घुटनों पर गंभीर चोट देखकर परिजनों को शक हुआ। जब उन्होंने आरोपी से सवाल किए तो उसने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल दिखाकर उन्हें धमकाया और चुप रहने को कहा।

आरोपी ने अपनी 12 साल की बेटी प्रियांशी को भी किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बावजूद बेटी ने चुपके से अपने मामा सचिन को पूरी घटना बता दी। बेटी ने बताया कि मां मोबाइल पर बात कर रही थीं। इसी दौरान पिता घर आए और शक के चलते मां की हत्या कर दी। बेटी के बयान और रिंकी के शरीर पर चोटों के निशान सामने आने के बाद हत्या का मामला उजागर हो गया। खुद को घिरता देख आरोपी गांव से फरार हो गया।

भिंड में दिनभर हंगामे के बाद स्थानीय पुलिस की सलाह पर परिजन सोमवार देर रात रिंकी का शव कार से ग्वालियर लेकर आए और मुरार थाने पहुंचे। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। मंगलवार को फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मुरार थाना प्रभारी गोविंद बल्लभ बगोली ने बताया कि पुलिस चश्मदीद बच्चों और परिजनों के बयान लेकर मामले की जांच कर रही है। आरोपी की तलाश जारी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X