रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
ग्वालियर:दूसरी शादी के बच्चे और विवाहित बेटी को अनुकंपा नियुक्ति से इन्कार नहीं, हाईकोर्ट का अहम निर्णय – Gwalior High Court Compassionate Appointment Second Marriage Children Married Daughter
ग्वालियर

ग्वालियर:दूसरी शादी के बच्चे और विवाहित बेटी को अनुकंपा नियुक्ति से इन्कार नहीं, हाईकोर्ट का अहम निर्णय – Gwalior High Court Compassionate Appointment Second Marriage Children Married Daughter

November 26, 2026


gwalior high court compassionate appointment second marriage children married daughter

मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की ग्वालियर पीठ ने अनुकंपा नियुक्ति के मामले में महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है।

विस्तार

मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की ग्वालियर पीठ ने अनुकंपा नियुक्ति के मामले में महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि मृत कर्मचारी की दूसरी शादी से जन्मे बच्चे और विवाहित बेटी को केवल विवाह की वैधता या वैवाहिक स्थिति के आधार पर नौकरी से वंचित नहीं किया जा सकता। न्यायालय ने संबंधित बैंक को आदेश दिया है कि वह मृत कर्मचारी के बेटे और बेटी के दावों पर नियमों के तहत नए सिरे से विचार करे तथा आठ सप्ताह के भीतर कारण सहित निर्णय ले।

जन्म के आधार पर भेदभाव का अधिकार नहीं

मामले की सुनवाई के दौरान पीठ ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 16 का संदर्भ दिया। अदालत ने कहा कि इस कानूनी प्रावधान के तहत निर्धारित परिस्थितियों में शून्य विवाह से जन्मे बच्चों को भी वैध माना गया है। ऐसे बच्चों को उनके माता-पिता के विवाह के स्वरूप के आधार पर अनुकंपा नियुक्ति से बाहर रखना संविधान के अनुच्छेद 14 और अनुच्छेद 16 में दिए गए समानता के अधिकार के विपरीत है। बच्चों का अपने माता-पिता के विवाह की स्थिति पर कोई नियंत्रण नहीं होता, इसलिए उनके साथ भेदभाव नहीं किया जा सकता। इसके साथ ही पीठ ने कहा कि यदि योजना में स्पष्ट रोक न हो तो विवाहित बेटी का आवेदन भी केवल शादी के आधार पर खारिज करना अनुचित है।

ये भी पढ़ें- एमपी बोर्ड के छात्रों को बड़ी राहत: अब दो नंबर के सवालों में भी मिलेगा विकल्प, पेपर में पुरानी व्यवस्था लागू

बैंक की खारिज अर्जी और दो दावेदारों का मामला

यह मामला एक बैंक कर्मचारी की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति के दावों से जुड़ा है। मृत कर्मचारी की दूसरी शादी से जन्मे बेटे अभय शिवहरे ने नौकरी के लिए आवेदन किया था। बैंक ने 21 मई 2018 को उसका दावा यह कहकर खारिज कर दिया था कि उसके माता-पिता का विवाह वैध नहीं था। दूसरी तरफ, कर्मचारी की पहली शादी से जन्मी बेटी नेहा शिवहरे ने भी अनुकंपा नियुक्ति के लिए अर्जी दी थी। नेहा का विवाह 6 दिसंबर 2021 को हो चुका है, जिससे उसकी पात्रता पर भी सवाल खड़ा हुआ। दोनों दावेदारों के आवेदन सामने आने के बाद यह कानूनी विवाद उत्पन्न हुआ।

आठ सप्ताह में गुण-दोष पर निर्णय का आदेश

उच्च न्यायालय ने स्पष्ट किया कि अनुकंपा नियुक्ति स्वतः मिलने वाला अधिकार नहीं है, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य संकटग्रस्त परिवार को आर्थिक राहत देना है। अदालत ने बैंक को निर्देश दिया कि वह दोनों आवेदकों की आर्थिक स्थिति, मृत कर्मचारी पर उनकी निर्भरता और योजना के मानकों की जांच करे। बैंक आठ सप्ताह में दोनों दावों पर फैसला करे। यदि दोनों दावेदार पात्र पाए जाते हैं, तो बैंक उनकी परिस्थितियों का तुलनात्मक आकलन करके किसी एक को नियुक्ति दे सकता है। इसके अलावा, नियुक्ति पाने वाले आश्रित पर दूसरे पात्र सदस्य को उचित आर्थिक सहायता देने की शर्त भी लगाई जा सकती है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X