चंडीगढ़ पुलिस के 60 वर्षों के गौरवशाली सफर, अनुशासन, समर्पण और जनसेवा को रविवार को राष्ट्रीय पहचान मिली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने चंडीगढ़ पुलिस के हीरक जयंती समारोह में राष्ट्रपति की ओर से पुलिस ध्वज प्रदान किया। यह सम्मान पुलिस बल की छह दशक की उत्कृष्ट सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा और नागरिक सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस ऐतिहासिक अवसर पर 141 नए वाहनों को भी पुलिस बेड़े में शामिल किया गया। समारोह में पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया, पुलिस महानिदेशक डॉ. सागर प्रीत हुड्डा सहित वरिष्ठ अधिकारी, पुलिसकर्मी, सेवानिवृत्त अधिकारी और उनके परिजन मौजूद रहे।