रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
चंपावत:घर के पुराने कपड़े और खिलौने बन रहे जरूरतमंदों का सहारा, ट्रिपल आर केंद्र से मिल रही नई जिंदगी – The Municipality’s ‘rrr’ (reduce, Reuse, Recycle) Initiative Has Become A Source Of Support For Those In Need
चंपावत

चंपावत:घर के पुराने कपड़े और खिलौने बन रहे जरूरतमंदों का सहारा, ट्रिपल आर केंद्र से मिल रही नई जिंदगी – The Municipality’s ‘rrr’ (reduce, Reuse, Recycle) Initiative Has Become A Source Of Support For Those In Need

November 23, 2026


किसी के घर की अलमारी में लंबे समय से रखे कपड़े किसी दूसरे के लिए ठंड से बचने का सहारा बन रहे हैं तो बच्चों के पुराने खिलौने और किताबें दूसरे बच्चों के चेहरों पर मुस्कान ला रहे हैं। चंपावत नगर पालिका की ट्रिपल आर (रिड्यूस, रीयूज और रीसायकल) केंद्र की पहल से शहर में वस्तुओं के दोबारा इस्तेमाल की एक अच्छी शुरुआत हुई है। घरों में अनुपयोगी पड़े सामान को फेंकने के बजाय जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है। खास बात यह है कि मौसम में बदलाव के साथ केंद्र में गर्म कपड़ों की मांग बढ़ रही है। इसके साथ ही लोग भी बड़ी संख्या में कपड़े दान करने के लिए आगे आ रहे हैं।

नगर पालिका ने करीब दो महीने पहले ललुवापानी रोड स्थित अपने पुराने भवन की मरम्मत कर यहां ट्रिपल आर केंद्र शुरू किया था। शुरुआत में इस केंद्र का उद्देश्य घरों में अनुपयोगी पड़े सामान का बेहतर इस्तेमाल करना और जरूरतमंदों को उनकी जरूरत की वस्तुएं उपलब्ध कराना था। अब यह पहल धीरे-धीरे लोगों के सहयोग से आगे बढ़ रही है। केंद्र में लोग अपने घरों से पुराने लेकिन इस्तेमाल के योग्य कपड़े, खिलौने और किताबें लेकर पहुंच रहे हैं। पालिका इन वस्तुओं को जरूरतमंद लोगों को वितरित कर रही है।

मौसम के साथ बढ़ रही कपड़ों की मांग

चंपावत। सर्दी बढ़ने के साथ ही केंद्र में गर्म कपड़ों की मांग भी बढ़ने लगी है। जरूरतमंद लोग अपनी आवश्यकता के अनुसार यहां से कपड़े प्राप्त कर रहे हैं। वहीं, शहर के लोग भी घरों में रखे ऐसे कपड़े डोनेट कर रहे हैं, जिनका उनके परिवार में अब इस्तेमाल नहीं हो रहा है। इससे एक ओर जरूरतमंदों को मदद मिल रही है तो दूसरी ओर उपयोगी वस्तुएं कचरे में जाने से बच रही हैं।

ट्रिपल आर केंद्र के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की मदद करने के साथ ही वस्तुओं के पुन: उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। लोगों से घरों में रखे पुराने लेकिन उपयोगी कपड़े, खिलौने और किताबें केंद्र में जमा करने की अपील की जा रही है। इससे एक व्यक्ति के लिए अनुपयोगी वस्तु दूसरे व्यक्ति के काम आ रही है।-प्रेमा पांडेय, नगर पालिका अध्यक्ष, चंपावत

केंद्र में लगातार लोग सामान डोनेट कर रहे हैं। यहां जमा होने वाले कपड़े, खिलौने और किताबें जरूरतमंदों तक पहुंचाई जा रही हैं। मौसम के अनुसार कपड़ों की मांग में भी बदलाव हो रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अनुपयोगी समझकर उपयोगी वस्तुओं को फेंकने के बजाय ट्रिपल आर केंद्र में डोनेट करें, ताकि उनका दोबारा इस्तेमाल हो सके। -भरत त्रिपाठी, ईओ, नगर पालिका, चंपावत

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X