पहाड़ी (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के कहेटा माफी गांव में मंगलवार शाम को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन वर्षीय मासूम भतीजे की मौत हो गई जबकि उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया।
कहेटा माफी के सिद्ध गोपाल के पुरवा निवासी राम सिंह राजपूत (22) शाम करीब चार बजे अपने चार वर्षीय भतीजे अयांश को बाइक से घर के पास ही घुमा रहे थे। तभी कहेटा गांव की ओर से जोताई कर आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने अनियंत्रित होकर बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। तभी वहां से गुजर रहे सपा नेता राकेश यादव ने घायलों को अपने वाहन से सीएचसी पहुंचाया वहां डॉक्टर दीपक कुमार ने अयांश को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
वहीं घायल राम की हालत नाजुक होने पर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। मृतक अयांश दो भाइयों में छोटा था। पिता मजदूरी कर जीवन यापन करते हैं। थाना प्रभारी विवेक कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।