रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
चौंकाने वाले आंकड़े:उत्तराखंड में एक साल में 8.46 लाख टन घटा गन्ना उत्पादन, किसानों का 162.23 करोड़ बकाया – Sugarcane Production In Uttarakhand Decreased By 8.46 Lakh Tonnes In One Year
नैनीताल

चौंकाने वाले आंकड़े:उत्तराखंड में एक साल में 8.46 लाख टन घटा गन्ना उत्पादन, किसानों का 162.23 करोड़ बकाया – Sugarcane Production In Uttarakhand Decreased By 8.46 Lakh Tonnes In One Year

November 27, 2026


उत्तराखंड में गन्ना उत्पादन, चीनी मिलों की स्थिति और किसानों के बकाया भुगतान को लेकर चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। प्रदेश में एक वर्ष में लगभग 8.46 लाख टन उत्पादन की कमी दर्ज हुई है। इसी अवधि में गन्ने का कुल क्षेत्रफल 90,364.93 हेक्टेयर से घटकर 88,603.05 हेक्टेयर रह गया है।

आरटीई एक्टविस्ट हेमंत सिंह गोनिया की ओर से मांगी गई सूचनाओं के जवाब में गन्ना विकास विभाग, सहकारी गन्ना विकास समितियों और चीनी मिलों से प्राप्त सरकारी दस्तावेज में राज्य के गन्ना उत्पादन से लेकर किसानों के बकाया तक की जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2024-25 में गन्ने का कुल उत्पादन 75.36 लाख टन था, जो वर्ष 2025-26 में घटकर 66.90 लाख टन रह गया। औसत उत्पादकता भी 834 क्विंटल प्रति हेक्टेयर से घटकर 755 क्विंटल प्रति हेक्टेयर हो गई।

बकाया भुगतान के मामलों में सबसे गंभीर मामला इकबालपुर चीनी मिल का है। पेराई सत्र 2018-19 का गन्ना मूल्य बकाया लगभग 106.04 करोड़ रुपये है। इस पर 7.50 प्रतिशत दर से ब्याज लगभग 56.19 करोड़ रुपये बनता है। इस तरह कुल बकाया लगभग 162.23 करोड़ रुपये हो गया है।

जिलेवार उत्पादन वर्ष 2025-26

जनपद अनुमानित उत्पादन

हरिद्वार 43.10 लाख टन

ऊधमसिंह नगर 16.55 लाख टन

देहरादून 2.83 लाख टन

नैनीताल 1.04 लाख टन

(नोट: हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में ही सबसे अधिक गन्ना उत्पादन हुआ है।)

चीनी मिलों के उत्पादन में इस तरह आई गिरावट

उत्तम शुगर मिल्स लिमिटेड, लिब्बरहेड़ी

2024-25: 9,34,844 क्विंटल

2025-26: 6,59,926 क्विंटल

राय बहादुर नारायण सिंह शुगर मिल, लक्सर

2024-25: 14,52,800 क्विंटल

2025-26: 12,01,640 क्विंटल

गन्ने की खेती घटने के विभागीय कारण

विभाग ने गन्ने की खेती घटने के पीछे शहरीकरण का बढ़ता प्रभाव, गन्ने की खेती में श्रमिकों की कमी, चीनी के बाजार भाव में गिरावट, चीनी मिल बंद होने से किसानों का दूसरी फसलें अपनाना आदि कारण बताए हैं। इकबालपुर क्षेत्र में वर्ष 2026-27 के लिए गन्ना उत्पादन में 30.72 प्रतिशत की कमी का अनुमान है।

सरकारी योजनाओं और ऑडिट पर भी उठे सवाल

आरटीई में गन्ना विकास विभाग की योजनाओं, बजट, खर्च, ऑडिट रिपोर्ट, चीनी मिलों के उत्पादन और किसानों के भुगतान से संबंधित अभिलेख भी मांगे गए थे। प्राप्त दस्तावेजों में कई वर्षों के आंकड़े उपलब्ध कराए गए हैं जिससे गन्ना किसानों की आर्थिक स्थिति, उत्पादन में गिरावट और चीनी मिलों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

गन्ना उत्पादन ऊधमसिंह नगर में बढ़ा है। हालांकि इस बार बारिश और ओलावृष्टि से गदरपुर, बाजपुर के किसानों को भारी नुकसान हुआ है। जिले में किसानों का भुगतान तय समय पर किया जा रहा है। -शैलेंद्र सिंह, सहायक गन्ना आयुक्त, ऊधमसिंह नगर।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X