छठ घाट पर आस्था और उल्लास का माहौल उस वक्त चीख-पुकार में बदल गया, जब बिजली के पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से 20 वर्षीय अभिषेक यादव की मौत हो गई। मां के साथ छठ पूजा करने पहुंचे अभिषेक को इस बात की भनक भी नहीं थी कि जिस घाट पर वह भगवान भास्कर की आराधना करने आया है, वहीं उसकी जिंदगी का आखिरी पल होगा। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं बेटे की मौत की खबर से मां की दुनिया उजड़ गई।
कैसे हुआ हादसा
दोकटी थाना क्षेत्र के सुकरौली गांव निवासी राजेश सिंह का पुत्र अभिषेक यादव सोमवार को अपनी मां के साथ गांव के समीप श्री नरहरि बाबा इंटर कॉलेज के पास स्थित छठ घाट पर पूजा करने गया था। इसी दौरान अचानक उसका हाथ वहां स्थित बिजली के पोल से छू गया। पोल में करंट उतरने के कारण अभिषेक उसकी चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना तेज था कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौत हो गई।
इसे भी पढ़ें; वाराणसी में प्रशासनिक फेरबदल: वीडीए सचिव समेत कई पीसीएस अधिकारियों के तबादले, इन्हें मिली नई जिम्मेदारी