रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
छत्तीसगढ़:एआई से ब्लैकमेलिंग मामले में मुख्य आरोपी दीपक टंडन का साला भी गिरफ्तार – Bilaspur Ai Blackmailing Case Deepak Tandon Brother In Law Arrested
बिलासपुर (छत्तीसगढ़)

छत्तीसगढ़:एआई से ब्लैकमेलिंग मामले में मुख्य आरोपी दीपक टंडन का साला भी गिरफ्तार – Bilaspur Ai Blackmailing Case Deepak Tandon Brother In Law Arrested

November 29, 2026


bilaspur ai blackmailing case deepak tandon brother in law arrested

गिरफ्तार आरोपी

विस्तार

छत्तीसगढ़ में आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) से अश्लील तस्वीरें बनाकर ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपक टंडन के साले कमल प्रसाद चौबे को रायपुर से गिरफ्तार किया है। कमल आरोपी दीपक के न्यूज पोर्टल में पार्टनर के रूप में काम कर रहा था। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

एआई से ब्लैकमेलिंग और प्राथमिकी

महाराणा प्रताप नगर निवासी मणिशंकर पांडे ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि एआई की मदद से उनकी तस्वीरों को अश्लील और आपत्तिजनक बनाकर न्यूज पोर्टल तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। इसका उद्देश्य सामाजिक प्रतिष्ठा खराब करके पैसों की वसूली करना था। मामले की जांच के बाद पुलिस ने दीपक टंडन, कमल प्रसाद चौबे और अन्य सहयोगियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) तथा छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम 2005 की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया। इससे पहले पुलिस ने 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित अपार्टमेंट में दबिश देकर दीपक को पकड़ा था। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए, जिनमें आपत्तिजनक तस्वीरें, ऑडियो और वीडियो मिले। नवम सत्र न्यायाधीश की अदालत 19 नवंबर को दीपक की जमानत याचिका खारिज कर चुकी है।

ठगी और आठ प्राथमिकियां

पूछताछ में दीपक टंडन पर लगभग 35 से 40 लोगों से ठगी करने का संदेह सामने आया है। आरोपी खुद को मुख्यमंत्री, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों का करीबी बताकर लोगों को झांसे में लेता था। वह प्रशासनिक अधिकारियों को मनचाही पदस्थापना और तबादला दिलाने का भरोसा देकर रकम ऐंठता था। आरोपी दीपक और उसकी पत्नी बरखा के खिलाफ रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और कोरबा जिलों में कुल आठ प्राथमिकियां दर्ज हैं। इसके अलावा 11 अन्य शिकायतों की जांच जारी है। हाल ही में दो नए मामलों में 56 लाख रुपये की ठगी की शिकायत मिली है। इनमें एक प्रबंधक विकास नागले से 25 लाख रुपये और संचालक श्याम सिंह ठाकुर से 31 लाख रुपये लेने का आरोप है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X