छत्तीसगढ़:22 किलोग्राम गांजा तस्करी में तीन दोषियों को 20-20 साल की सजा, छह लाख रुपये का आर्थिक जुर्माना भी – Chhattisgarh 22 Kg Ganja Smuggling Three Convicts 20 Years Imprisonment Gariaband

अदालत ने कठोर कारावास की सजा सुनाई (सांकेतिक)
November 18, 2026

अदालत ने कठोर कारावास की सजा सुनाई (सांकेतिक)
गरियाबंद जिले में 22 किलोग्राम गांजे की तस्करी के मामले में विशेष एनडीपीएस न्यायालय ने तीन आरोपियों को 20-20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश शैलेश शर्मा की अदालत ने तीनों दोषियों पर दो-दो लाख रुपये का आर्थिक जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना न चुकाने की स्थिति में दोषियों को छह-छह महीने का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा।
वाहन चेकिंग के दौरान हुई थी गांजे की बरामदगी
फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के तहत ग्राम सोरिद मोड़ के पास जोगी डबरी मुख्य मार्ग पर पुलिस ने 9 जनवरी, 2025 को चारपहिया वाहन को रोका था। उस वाहन में चार लोग सवार थे। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान संतोष सुना, बिसेसर सिंह, पलाश उर्फ बंटी पाटिल और अनिकेत शिंदे के रूप में दी थी। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो अंदर से चार बोरियों में भरा कुल 22 किलोग्राम गांजा मिला। पुलिस टीम ने तुरंत गांजा, चारपहिया वाहन और आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए। इसके बाद फिंगेश्वर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज किया।
ये भी पढ़ें- रायगढ़ में आयकर विभाग का छापा: कमल और श्रवण अग्रवाल के ठिकानों पर टीम ने मारी रेड, सुबह-सुबह मचा हड़कंप
एक आरोपी की मौत के बाद तीन पर चला मुकदमा
तलाशी के दौरान पुलिस ने संतोष सुना के पास से छह किलोग्राम, बिसेसर सिंह के पास से पांच किलोग्राम, पलाश उर्फ बंटी पाटिल के पास से छह किलोग्राम और अनिकेत शिंदे के पास से पांच किलोग्राम गांजा बरामद किया था। पुलिस ने मामले में चार लोगों को आरोपी बनाया था। विचारण के दौरान आरोपी बिसेसर सिंह की मौत हो गई। अदालत ने शेष तीन आरोपियों संतोष सुना (30 वर्ष), अनिकेत शिंदे (27 वर्ष) और पलाश उर्फ बंटी पाटिल (24 वर्ष) को तस्करी का दोषी पाया। दोषी संतोष सुना ओडिशा के बलांगीर जिले का निवासी है, जबकि अनिकेत शिंदे और पलाश उर्फ बंटी पाटिल महाराष्ट्र के रहने वाले हैं।
सजा की अवधि में कटेगा जेल में बिताया समय
अदालत ने एनडीपीएस एक्ट के तहत तीनों दोषियों को 20-20 साल के कठोर कारावास और दो-दो लाख रुपये के अर्थदंड की सजा से दंडित किया है। फैसला सुनाने के बाद अदालत ने तीनों के खिलाफ सजा वारंट जारी करके उन्हें रायपुर के केंद्रीय जेल भेजने का आदेश दिया। इसके साथ ही, अदालत ने अपने फैसले में स्पष्ट किया है कि आरोपियों ने 10 जनवरी, 2025 से 17 नवंबर, 2026 तक न्यायिक हिरासत में जो समय जेल में बिताया है, उसे उनकी सजा की कुल अवधि में समायोजित किया जाएगा। न्यायालय ने इस निर्णय की प्रति केंद्रीय जेल रायपुर और संबंधित पक्षों को भेजने के निर्देश जारी किए हैं।
November 18, 2026
हत्या के मामले में उच्च न्यायालय से बरी होने के बावजूद सात साल तीन महीने और 29 दिन तक अतिरिक्त जेल में बंद रहे छत्तीसगढ़ के देवीलाल गोंड को उच्चतम न्यायालय ने 30 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। शीर्ष अदालत ने पहले से तय दो लाख रुपये के मुआवजे को अपर्याप्त मानते […]
November 17, 2026
पुलिस गिरफ्त में आरोपी – फोटो : Amar Ujala Digital विस्तार नेशनल हाईवे पर सरगांव-पथरिया मोड़ के पास चाय पीने रुके चालक का 38.650 टन कोयले से भरा 18 पहिया ट्रेलर चोरी हो गया। पुलिस ने जीपीएस लोकेशन की मदद से महज सात घंटे के भीतर ट्रेलर ढूंढ निकाला और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। […]
November 17, 2026
रायपुर पुलिस का मिलावटी चटनी पर कार्रवाई – फोटो : Amar Ujala Digital विस्तार रायपुर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र में स्थित चार होटलों के पंजीयन और लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। जांच के दौरान एक होटल में मिलावटी रंगयुक्त खाद्य सामग्री मिलने पर टीम ने 20 किलोग्राम मटर चटनी तथा […]
