बिहार:घायल भैंस के साथ न्याय मांगने थाने पहुंचे बुजुर्ग की पिटाई का आरोप, थानाध्यक्ष पर सवाल; जांच के आदेश – Elderly Man Who Arrived At The Police Station With A Buffalo Motihari Bihar News
November 18, 2026

कोटवा थाना में भैंस लेकर पहुंचा बुजुर्ग
विस्तार
पूर्वी चंपारण के कोटवा थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। जिस पुलिस से न्याय की उम्मीद लेकर एक बुजुर्ग अपनी घायल भैंस के साथ थाने पहुंचे थे, अब उसी पुलिस पर उनकी पिटाई करने का आरोप लगा है। बाझिया निवासी बुजुर्ग रामाधार सहनी के पुत्र ने कोटवा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पर थाने में लाठी और जूते से मारने का आरोप लगाया है। घटना के बाद घायल बुजुर्ग का एक निजी नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी चंपारण के एसपी स्वर्ण प्रभात ने जांच के आदेश दिए हैं।
बताया जाता है कि रामाधार सहनी अपनी बहू पर मारपीट करने और भैंस को घायल करने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लेकर कोटवा थाना पहुंचे थे। भैंस के साथ थाने पहुंचे बुजुर्ग की तस्वीर और खबर मीडिया में भी सुर्खियों में रही थी। इसके बाद बहू पक्ष की ओर से भी थाने में आवेदन दिया गया।
आरोप है कि इसी आवेदन के बाद छठ पूजा के दिन रविवार को पुलिस बुजुर्ग को उनके घर से उठाकर थाने ले आई। रामाधार सहनी के पुत्र का कहना है कि उनके पिता को दिनभर थाने में बैठाकर रखा गया। इस दौरान थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने लाठी और जूते से उनकी पिटाई की। इससे उनके शरीर पर कई जगह चोटें आईं।
पढ़ें: अपने ससुराल मालवा भ्रमण पर निकले भगवान ओंकारेश्वर, अब 15 दिनों तक मंदिर में नहीं सजेगा शयन शृंगार
आरोप के मुताबिक, शाम को बुजुर्ग को थाने से छोड़ दिया गया। इस दौरान उन्हें दोबारा भैंस लेकर थाने नहीं आने की हिदायत भी दी गई। फिलहाल घायल बुजुर्ग का निजी नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है। उनके पुत्र ने अस्पताल में इलाज के दौरान का वीडियो जारी कर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
पहले भी विवादों में रहा है कोटवा थाना
कोटवा थानाध्यक्ष पर मारपीट का आरोप लगने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले शराब कारोबार के आरोप में जेल भेजे गए एक व्यक्ति की जेल से सदर अस्पताल लाए जाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई थी। उस मामले में भी थानाध्यक्ष पर पिटाई का आरोप लगा था। वहीं, दशहरा के दौरान सादे कपड़ों में एक सब्जी व्यवसायी को कॉलर पकड़कर पीटने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इन घटनाओं के बाद एक बार फिर कोटवा पुलिस की कार्यशैली सवालों के घेरे में है।
एसपी ने मांगी जांच रिपोर्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी चंपारण के एसपी स्वर्ण प्रभात ने सदर एसडीपीओ जितेश पांडेय को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। एसपी ने उसी दिन शाम तक जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
अब सवाल यह है कि न्याय की गुहार लेकर थाने पहुंचे बुजुर्ग के शरीर पर चोट के निशान कैसे आए? उन्हें घर से उठाकर थाने लाने की जरूरत क्यों पड़ी? यदि थाने में उनकी पिटाई नहीं हुई तो चोट लगने की वजह क्या है? फिलहाल इन सवालों के जवाब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे। पुलिस पर लगे आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।
