शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
छिंदवाड़ा:भाजपा नेता बंटी पटेल के भाई पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, धमकी देने के आरोप में शस्त्र लाइसेंस रद्द – Chhindwara: Major Action By The Administration Against Bjp Leader Bunty Patel’s Brother
छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा:भाजपा नेता बंटी पटेल के भाई पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, धमकी देने के आरोप में शस्त्र लाइसेंस रद्द – Chhindwara: Major Action By The Administration Against Bjp Leader Bunty Patel’s Brother

November 13, 2026


Chhindwara: Major action by the administration against BJP leader Bunty Patel’s brother

जमीन विवाद में हथियार दिखाना पड़ा भारी

विस्तार

छिंदवाड़ा जिलाधिकारी ने भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष बंटी पटेल के भाई नितिन उर्फ मोनू ठाकुर का रिवॉल्वर लाइसेंस निरस्त कर दिया है। यह प्रशासनिक कार्रवाई चौरई के उपजिलाधिकारी प्रभात मिश्रा की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। आरोपी नितिन पर जमीन से जुड़े एक विवाद में लाइसेंसी हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा था। प्रशासन ने मामले की गंभीरता और आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है।

भू-पूजन के दौरान विवाद और धमकी

यह पूरा मामला चांद तहसील के अंतर्गत आने वाले शहपुरा क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। 10 अक्तूबर को शहपुरा क्षेत्र में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष कामेंद्र ठाकुर अपनी निजी भूमि पर भू-पूजन कर रहे थे। कामेंद्र ठाकुर का आरोप है कि उसी समय भाजपा जिला उपाध्यक्ष बंटी पटेल अपने भाई नितिन उर्फ मोनू ठाकुर के साथ मौके पर पहुंचे और भू-पूजन जबरन रुकवाने लगे। इस दौरान दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और नितिन ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर कामेंद्र ठाकुर पर तान दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने हथियार दिखाकर उन्हें डराने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी।

जांच रिपोर्ट के बाद लाइसेंस निरस्त

घटना के बाद पीड़ित कामेंद्र ठाकुर ने चौरई के उपजिलाधिकारी प्रभात मिश्रा और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के पास लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर उपजिलाधिकारी ने मामले की जांच शुरू की और पुलिस प्रशासन से आरोपी का पिछला रिकॉर्ड भी मंगवाया। जांच के दौरान नितिन के खिलाफ दर्ज अन्य पुराने मामलों की जानकारी सामने आई। इसके आधार पर उपजिलाधिकारी ने शस्त्र लाइसेंस रद्द करने के लिए जिलाधिकारी को प्रतिवेदन भेजा, जिसके बाद बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी ने निरस्तीकरण का आदेश दिया। वहीं चांद थाना प्रभारी राकेश बघेल के अनुसार दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस जांच कर रही है।

पहले कांग्रेस में थे, फिर भाजपा में आए

आरोपी के भाई और भाजपा जिला उपाध्यक्ष बंटी पटेल पहले कांग्रेस पार्टी में सक्रिय थे। चौरई विधानसभा सीट से चुनाव का टिकट न मिलने के कारण उन्होंने कमलनाथ का साथ छोड़ दिया था। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा और बाद में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। बंटी पटेल पर इससे पहले भी मुआवजा प्रकरण को लेकर चौरई के उपजिलाधिकारी पर कालिख पोतने का आरोप लग चुका है। इस मामले में बंटी पटेल से उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन रिसीव न होने से संपर्क नहीं हो सका।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X