जन शिकायतों के निस्तारण में न हो लापरवाही :डीएम – Ensure No Negligence In The Redressal Of Public Grievances: Dm
जिले के नवागत जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह ने सोमवार की देर रात ही कोषागार पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया।
मंगलवार को उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को गरीब, वंचित और पीड़ित व्यक्तियों की समस्याओं का प्राथमिकता पर समाधान करने का निर्देश दिया।
कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। सभी अधिकारी अपने विभागीय दायित्वों का निर्वहन जिम्मेदारी और पारदर्शिता से करें। विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। जनसामान्य की शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा अधिकारियों से परिचय भी प्राप्त किया। इसके बाद जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इसमें अधूरे कार्यों को समय से पूर्ण कराने एवं डाटा फीडिंग का कार्य समय से करने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के दौरान कुछ विभागों की प्रगति ठीक नहीं पाए जाने और विभिन्न योजनाओं से संबंधित डाटा फीडिंग लंबित होने पर डीएम ने नाराजगी जताई। अफसरों से कहा कि विभागीय कार्यों में तेजी लाते हुए लंबित डाटा फीडिंग को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने विभाग की योजनाओं की नियमित निगरानी करें तथा प्रगति में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करें।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, सड़कों का निर्माण एवं अनुरक्षण की समीक्षा की।
