रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
झारखंड:राशन कार्ड के नियम बदले, हर 5 साल में ई-केवाईसी अनिवार्य; 6 महीने राशन नहीं उठाया तो हो सकता है बंद – Jharkhand Senior Resident One Year Service Assistant Professor Appointment Rules 2025 Hemant Soren
रांची

झारखंड:राशन कार्ड के नियम बदले, हर 5 साल में ई-केवाईसी अनिवार्य; 6 महीने राशन नहीं उठाया तो हो सकता है बंद – Jharkhand Senior Resident One Year Service Assistant Professor Appointment Rules 2025 Hemant Soren

November 28, 2026


झारखंड में राशन कार्डधारकों के लिए जरूरी खबर है। राज्य सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए राशन कार्ड से जुड़े नियमों में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। नए नियमों के तहत अब प्रत्येक पांच वर्ष में राशन कार्डधारी परिवारों की पात्रता की समीक्षा और ई-केवाईसी कराना अनिवार्य होगा। वहीं, लगातार छह महीने तक राशन का उठाव नहीं करने वाले लाभार्थियों के कार्ड अस्थायी रूप से अयोग्य किए जा सकेंगे। हालांकि, ऐसे लोगों को अपनी पात्रता साबित करने और ई-केवाईसी कराने का मौका भी दिया जाएगा।

नए प्रावधानों में बच्चों की ई-केवाईसी, डुप्लीकेट राशन कार्ड, प्रतीक्षा सूची और जनवितरण प्रणाली की दुकानों के लाइसेंस हस्तांतरण को लेकर भी बदलाव किए गए हैं।

हर पांच साल में होगी पात्रता की समीक्षा, ई-केवाईसी जरूरी

नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक पांच वर्ष में राशन कार्डधारी परिवारों की पात्रता की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही सभी लाभार्थियों का ई-केवाईसी कराना भी अनिवार्य होगा। नियमों के मुताबिक, 18 वर्ष की आयु पूरी होने से पहले कोई भी सदस्य अलग राशन कार्ड रखने का पात्र नहीं होगा।

पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों का आधार नंबर उपलब्ध होने पर राशन कार्ड में दर्ज किया जाएगा। वहीं, बच्चे के पांच वर्ष का होने के बाद एक वर्ष के भीतर उसका ई-केवाईसी कराना अनिवार्य होगा।

छह महीने राशन नहीं उठाया तो अस्थायी रूप से अयोग्य होगा कार्ड

सरकार ने राशन का नियमित उठाव नहीं करने वाले लाभार्थियों के लिए भी प्रावधान किए हैं। यदि कोई लाभार्थी लगातार छह महीने तक राशन नहीं उठाता है तो उसके कार्ड को अस्थायी रूप से अयोग्य घोषित किया जा सकेगा।

हालांकि, कार्डधारक को अपनी पात्रता साबित करने का अवसर मिलेगा। इसके लिए कार्ड का पुनर्मूल्यांकन, क्षेत्रीय सत्यापन और ई-केवाईसी की प्रक्रिया अगले तीन महीने के भीतर पूरी की जाएगी।

इसी तरह, राज्य के भीतर या बाहर डुप्लीकेट के रूप में चिह्नित राशन कार्डों को भी अस्थायी रूप से अयोग्य किया जा सकेगा। ऐसे कार्डधारकों को जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत कर अपनी पात्रता साबित करने और ई-केवाईसी कराने के लिए तीन महीने का समय दिया जाएगा।

राशन कार्ड के लिए अब पारदर्शी होगी प्रतीक्षा सूची

नए नियमों के तहत राशन कार्ड जारी करने के लिए प्रथम आवक-प्रथम पावक यानी ‘पहले आवेदन, पहले लाभ’ की व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत आवेदन करने वाले लोगों को उनकी आवेदन की प्राथमिकता के अनुसार लाभ दिया जाएगा।

राज्य सरकार अपने वेब पोर्टल सहित सार्वजनिक मंचों पर पारदर्शी प्रतीक्षा सूची प्रदर्शित करेगी। इससे आवेदक अपने आवेदन की स्थिति जान सकेंगे। हालांकि, विशेष परिस्थितियों में पात्र कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को निर्धारित मानकों के आधार पर प्राथमिकता देने का अधिकार सरकार के पास रहेगा।

उचित मूल्य दुकान का लाइसेंस आश्रितों को मिल सकेगा

जनवितरण प्रणाली की उचित मूल्य दुकानों के लाइसेंस हस्तांतरण के नियमों में भी बदलाव किया गया है। अब लाइसेंसधारी के असाध्य रोग से पीड़ित होने, शारीरिक रूप से अक्षम होने या चलने-फिरने में असमर्थ होने की स्थिति में उसका लाइसेंस आश्रितों को हस्तांतरित किया जा सकेगा।

इसके दायरे में बेरोजगार पति या पत्नी, पुत्र, अविवाहित पुत्री, विधवा बहू, विधवा पुत्री और परित्यक्ता पुत्री को शामिल किया गया है। इसके अलावा कानूनी प्रावधानों के तहत गोद लिए गए पुत्र या अविवाहित दत्तक पुत्री को भी लाइसेंस हस्तांतरण का लाभ मिल सकेगा।

चिकित्सकीय आधार पर लाइसेंस हस्तांतरित कराने के लिए सक्षम चिकित्सा पदाधिकारी का प्रमाण पत्र देना अनिवार्य होगा। सभी जरूरी दस्तावेजों के सत्यापन और अनुज्ञापन पदाधिकारी की संतुष्टि के बाद ही लाइसेंस हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

राशन कार्डधारक इन पांच बदलावों को जरूर जान लें



  1. हर पांच साल में समीक्षा: राशन कार्डधारी परिवारों की पात्रता की जांच और ई-केवाईसी अनिवार्य होगी।


  2. बच्चों की ई-केवाईसी: पांच साल की उम्र पूरी होने के एक वर्ष के भीतर ई-केवाईसी कराना होगा।


  3. छह महीने राशन नहीं उठाने पर कार्रवाई: कार्ड अस्थायी रूप से अयोग्य किया जा सकेगा।


  4. डुप्लीकेट कार्ड पर जांच: पात्रता साबित करने के लिए तीन महीने का समय मिलेगा।


  5. लाइसेंस हस्तांतरण: गंभीर बीमारी या शारीरिक अक्षमता की स्थिति में उचित मूल्य दुकान का लाइसेंस पात्र आश्रितों को मिल सकेगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X