झुंझुनू में दर्दनाक हादसा:तेज रफ्तार कैंपर ने बाइक को मारी टक्कर, दो दोस्तों की मौत; चालक दबोचा गया – Two Friends Killed In Camper Collision, Vehicle Catches Fire After The Accident
झुंझुनू जिले के गुड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों युवक होटल में खाना खाने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार कैंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने सीकर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार हांसलसर गांव निवासी प्रदीप राव (30) और सुभाष (32) शुक्रवार रात होटल में खाना खाने के बाद बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में पीछे से आए कैंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में प्रदीप राव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल सुभाष को उपचार के लिए सीकर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। दोनों युवकों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पढे़ं: जयपुर में सुबह 6 बजे से बारिश, शहर के कई हिस्सों में जलभराव; 10 अगस्त से और तेज होगा मानसून
हादसे के बाद कैंपर चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन टायर फटने के कारण वह करीब आधा किलोमीटर आगे जाकर रुक गया। इसी दौरान टायर ब्लास्ट होने से कैंपर में आग लग गई। ग्रामीणों ने चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य लोग मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है। शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने कैंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्रदीप राव के परिवार पर पहले भी दुखों का पहाड़ टूट चुका था। करीब पांच वर्ष पहले उसके माता-पिता का निधन हो गया था। परिवार में बड़ा भाई और छोटी बहन हैं। वहीं सुभाष खेती-किसानी करता था। ग्रामीणों के अनुसार दोनों गहरे दोस्त थे और अक्सर साथ ही रहते थे। इस हादसे ने दो परिवारों से उनके अपने छीन लिए।
