रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
टाटा संस की लिस्टिंग पर फैसला कल:नोएल के विरोध के बीच चंद्रशेखरन की वापसी पर नजर, आमने-सामने होंगे दोनों पक्ष – Tata Sons Listing Decision Tomorrow Noel Opposition Puts Chandrasekaran Reappointment In Focus
कारोबार

टाटा संस की लिस्टिंग पर फैसला कल:नोएल के विरोध के बीच चंद्रशेखरन की वापसी पर नजर, आमने-सामने होंगे दोनों पक्ष – Tata Sons Listing Decision Tomorrow Noel Opposition Puts Chandrasekaran Reappointment In Focus

November 29, 2026


टाटा संस के बोर्ड की सोमवार को होने वाली बैठक में कंपनी की लिस्टिंग, एन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति और शापूरजी पलोनजी समूह को 25 हजार करोड़ रुपये की मदद पर चर्चा होगी। नोएल टाटा इन प्रस्तावों का विरोध कर रहे हैं। आरबीआई ने लिस्टिंग के लिए नियमों का पालन करने को कहा है। ऐसे में क्या नोएल टाटा कंपनी की रणनीति बदलवा पाएंगे या प्रबंधन अपने फैसले पर आगे बढ़ेगा? आइए, विस्तार से मामले को जानते हैं…

Tata Sons Listing Decision Tomorrow Noel Opposition Puts Chandrasekaran Reappointment in Focus

लिस्टिंग और चंद्रशेखरन की नियुक्ति पर बोर्ड लेगा फैसला
ग्राफिक्स

विस्तार

टाटा समूह के भविष्य और उसके कामकाज के तरीके को लेकर कंपनी के भीतर चल रही खींचतान सोमवार को एक बार फिर सामने आ सकती है। टाटा संस के बोर्ड की बैठक में कंपनी को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने और एन चंद्रशेखरन को दोबारा चेयरमैन बनाने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। बहुमत हिस्सेदारी रखने वाले टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा इन प्रस्तावों का विरोध कर रहे हैं। ऐसे में बैठक के फैसलों पर सभी की नजर रहेगी।

टाटा संस देश के सबसे बड़े कारोबारी समूह की होल्डिंग कंपनी है। भारतीय रिजर्व बैंक ने इसे एनबीएफसी-यूएल श्रेणी में रखा है, जिसके नियमों के तहत कंपनी की शेयर बाजार में लिस्टिंग जरूरी मानी जा रही है। आरबीआई ने 16 नवंबर को भी टाटा संस को लिस्टिंग के लिए स्पष्ट रूप से कहा था। कंपनी प्रबंधन का कहना है कि आरबीआई के निर्देश के बाद तीन महीने के भीतर नियमों का पालन करने की योजना बनानी होगी। इस हिसाब से 11 दिसंबर तक आगे का रास्ता तय करना जरूरी है।

नोएल टाटा की योजना पर पहले होगी चर्चा?

बोर्ड की बैठक का एजेंडा बदलने में नोएल टाटा सफल रहे हैं। अब सबसे पहले उनके प्रस्तावों पर चर्चा होगी। इनमें टाटा संस की संरचना बदलकर उसे लिस्टिंग से बचाने की योजना और शापूरजी पलोनजी समूह को आर्थिक मदद देना शामिल है। शापूरजी पलोनजी समूह की टाटा संस में 18 प्रतिशत हिस्सेदारी है और उसे नकदी की जरूरत है। इसके लिए करीब 25 हजार करोड़ रुपये जुटाने का प्रस्ताव है। हालांकि, इन चर्चाओं से लिस्टिंग की योजना बदलने की संभावना कम बताई जा रही है।

बैठक में किन बड़े मुद्दों पर होगा फैसला?


  • टाटा संस को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने के लिए असाधारण आम बैठक यानी ईजीएम बुलाने का प्रस्ताव।
  • एन चंद्रशेखरन को तीसरी बार चेयरमैन नियुक्त करने पर फैसला।
  • शापूरजी पलोनजी समूह को उसकी कुछ हिस्सेदारी बेचने या बायबैक के जरिये आर्थिक मदद।
  • आरबीआई के एनबीएफसी-यूएल नियमों का पालन करने की योजना।

क्या नोएल टाटा बोर्ड में अकेले पड़ सकते हैं?

पिछली बैठकों में मतदान के रुख को देखें तो नोएल टाटा के पास इन प्रस्तावों को रोकने के लिए पर्याप्त समर्थन नहीं दिख रहा है। 11 सितंबर की बैठक में चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति और लिस्टिंग के पक्ष में 4-1 से फैसला हुआ था। टाटा ट्रस्ट्स के दूसरे प्रतिनिधि वेणु श्रीनिवासन ने भी बहुमत के साथ मतदान किया था। नोएल का आरोप है कि 17 सितंबर की बैठक में उनके जाने के बाद प्रस्ताव पारित किए गए। उन्होंने बैठक की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग मांगी थी, लेकिन उन्हें यह उपलब्ध नहीं कराई गई।

अदालत के फैसले का बैठक पर क्या असर होगा?

नोएल से जुड़े दो ट्रस्टों को बॉम्बे हाईकोर्ट से तत्काल राहत नहीं मिली है। उन्होंने टाटा संस के फैसलों में ट्रस्ट्स के विशेष मतदान अधिकार और बराबर मत होने पर चेयरमैन के निर्णायक वोट के इस्तेमाल को रोकने की मांग की थी। अदालत ने कहा है कि इस मामले का अंतिम फैसला बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णयों पर असर डाल सकता है। टाटा ट्रस्ट्स लिस्टिंग के खिलाफ है। उसका तर्क है कि इससे टाटा समूह का लंबे समय की योजनाओं पर काम करने का तरीका प्रभावित होगा। बैठक में एयर इंडिया, एग्राटास, तेजस नेटवर्क्स और टाटा एआईजी में निवेश की समीक्षा भी होगी। बैठक मुंबई स्थित बॉम्बे हाउस में सुबह 11:30 बजे शुरू होगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X