सैमसंग कर रहा ह्यूमनॉइड रोबोट लाने की तैयारी: जनवरी 2027 में उठेगा पर्दा, टेस्ला के ऑप्टिमस से होगी सीथी टक्कर – Samsung Humanoid Robot Ces 2027 Launch Tesla Optimus Rival Robotics Factory Ai Robot
सार
- सैमसंग अब टेस्ला और दूसरी कंपनियों को रोबोटिक्स के बाजार में चुनौती देने की तैयारी कर रही है।
- कंपनी ने अपना पहला ह्यूमनॉइड रोबोट प्रोटोटाइप तैयार किया है, जिसे जनवरी 2027 में CES में दिखाया जा सकता है।
- इसकी खासियत हाथों से चीजों को पकड़ने और संभालने की क्षमता है। जानिए सैमसंग का यह रोबोट टेस्ला ऑप्टिमस से किस मामले में अलग होगा।

विस्तार
स्मार्टफोन और इलेक्ट्रॉनिक्स के बाद अब सैमसंग रोबोटिक्स की दुनिया में अपनी जगह बनाने की तैयारी कर रही है। दक्षिण कोरिया की इस टेक कंपनी ने ह्यूमनॉइड रोबोट का एक प्रोटोटाइप तैयार किया है। कंपनी इसे जनवरी 2027 में अमेरिका के लास वेगास में होने वाले कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो (CES 2027) में पेश कर सकती है। इसके साथ ही सैमसंग की टक्कर टेस्ला, चीन की यूनिट्री और हुंडई की बोस्टन डायनेमिक्स जैसी कंपनियों से होगी।
सियोल में बोर्ड के सामने हुआ सफल डेमो
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सैमसंग ने पिछले सप्ताह अपने बोर्ड के सामने इस रोबोट का प्रदर्शन किया था। यह डेमो सियोल स्थित कंपनी के रोबोटिक्स रिसर्च सेंटर में हुआ। इसमें रोबोट ने अपने पूरे शरीर को नियंत्रित करने के साथ हाथों और बाजुओं से चीजों को उठाने और उन्हें इधर-उधर रखने की क्षमता दिखाई। इस दौरान कंपनी के सह-CEO टीएम रोह भी मौजूद थे। हालांकि, सैमसंग ने अभी इस रोबोट को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है।
सैमसंग के रोबोट में हाथों की मूवमेंट पर खास फोकस
सैमसंग का मुख्य फोकस रोबोट के हाथों को ज्यादा सटीक और उपयोगी बनाने पर है। किसी रोबोट के लिए चलना, झुकना या सामान उठाना एक बात है, लेकिन छोटी चीज को सही तरीके से पकड़ना, उसे घुमाना और तय जगह पर रखना काफी मुश्किल काम है।
यह क्षमता खासतौर पर फैक्ट्रियों में जरूरी है, जहां रोबोट को लगातार एक जैसे काम बिना गलती के करने होते हैं। सैमसंग की रोबोटिक्स रिसर्च यूनिट के प्रमुख क्रिस हाउजर ने सितंबर में रॉयटर्स को बताया था कि फैक्ट्री में इस्तेमाल होने वाले रोबोट की सफलता दर 99% होना भी पर्याप्त नहीं है। प्रोडक्शन लाइन पर इस्तेमाल के लिए इसकी सटीकता 99.99% तक होनी चाहिए। यानी औद्योगिक इस्तेमाल में छोटी-सी गलती भी बड़ी परेशानी बन सकती है।
टेस्ला ऑप्टिमस से कैसे अलग होगा सैमसंग का रोबोट?
- टेस्ला शुरुआती दौर में अपने ऑप्टिमस रोबोट्स को अपने ऑटोमोबाइल फैक्ट्रियों में भारी सामान उठाने और लॉजिस्टिक्स के लिए तैयार कर रही है, जबकि सैमसंग फैक्ट्रिंयों के साथ-साथ आम घरों और रिटेल स्टोर्स की रोजमर्रा की जरूरतों के हिसाब से अपने रोबोट को तैयार कर रहा है।
- टेस्ला जहां अपने रोबोट के लिए बाहरी सप्लायर्स और गियरिंग पार्ट्स पर निर्भर है, वहीं सैमसंग के पास सेमीकंडक्टर चिप्स, हाई-स्पीड मेमोरी, बैटरी, डिस्प्ले और सेंसर्स बनाने की अपनी विशाल इन-हाउस क्षमता है। इससे सैमसंग कम लागत में ज्यादा एडवांस हार्डवेयर तैयार कर सकता है।
- रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैमसंग अपने गैलेक्सी फोल्डेबल स्मार्टफोन के हिंज और बेहद बारीक असेंबली में इस्तेमाल होने वाली ‘प्रिसिजन मशीनिंग टेक्नोलॉजी’ का उपयोग रोबोट के हाथों और जोड़ों को बनाने में कर रहा है, जिससे इसकी उंगलियों की पकड़ टेस्ला ऑप्टिमस के मुकाबले ज्यादा लचीली और सटीक हो सकती है।
और पढ़ें…
