जौनपुर जिले के चक मुस्तफाबाद गांव में सगे भाइयों नरेंद्र यादव और मनोज यादव के बीच महज डेढ़ फीट जमीन को लेकर चल रहा विवाद दो परिवारों के लिए जिंदगीभर का दर्द बन गया। लंबे समय से चले आ रहे विवाद ने पिछले तीन दिनों से फिर तूल पकड़ लिया था। बुधवार को इसी विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई थी, लेकिन बातचीत से सुलझने वाला विवाद खूनी घटना में बदल गया। स्कॉर्पियो से कुचलने की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हैं। किसी के घर का चिराग बुझ गया तो किसी के बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा है।
तस्वीरें:किसी ने खोया जवान बेटा और बुजुर्ग पिता, किसी के सिर से छिन गया मां का आंचल; दो घरों में पसरा मातम – Painful Story Of Three Deaths Over Foot And Half Of Land In Scorpio Accident In Jaunpur
10 दिन पहले मुंबई से लौटे थे श्रवण, जवान बेटे और पिता को खोने का गम
मृतक अमित यादव के पिता श्रवण यादव रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं। वह महज 10 दिन पहले ही घर लौटे थे। उन्हें क्या पता था कि घर वापसी के कुछ ही दिनों बाद जवान बेटे और पिता को खोना पड़ेगा। अमित और उसके दादा की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पिता श्रवण यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में अब अमित का छोटा भाई सुमित ही बचा है।
इंदु की मौत से चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मनोज यादव की पत्नी इंदु की मौत से उनके चार बच्चे मां के स्नेह से वंचित हो गए। खुशी, सौम्या, पवन और लवकुश घर की महिलाओं को रोते-बिलखते देखकर कुछ समझ नहीं पा रहे थे। मां को खोने का दर्द उनके चेहरों पर साफ झलक रहा था। वे भी महिलाओं को रोता देखकर बिलखने लगते थे। परिजनों के करुण क्रंदन से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। एक तरफ जवान बेटे को खोने वाले पिता का दर्द था तो दूसरी तरफ मां की ममता से हमेशा के लिए महरूम हुए चार मासूम बच्चों का भविष्य। डेढ़ फीट जमीन के विवाद ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।
घायलों को लेकर दौड़ी एंबुलेंस, चिकित्सकों को किया गया था अलर्ट
गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के चक मुस्तफाबाद गांव में स्कॉर्पियो से कुचलने की घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया। सभी चिकित्सकों को पहले ही सतर्क कर दिया गया। घटनास्थल पर तत्काल एंबुलेंस भेजी गई और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचते ही सभी घायलों का उपचार शुरू कर दिया गया। उधर, हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंच गए। मौके पर सहायक पुलिस अधीक्षक सम्यक चौधरी भी पुलिस बल के साथ पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके कुछ देर बाद जिलाधिकारी उमेश मिश्रा जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने एक-एक घायल के पास जाकर उनका हाल जाना।




