तीसरी बार सरकार बनाने के लिए बूथ स्तर पर जुटें कार्यकर्ता :बलूनी – Party Workers Should Mobilize At The Booth Level To Ensure The
– स्वर्गाश्रम के वेद निकेतन में आयोजित हुआ रायशुमारी कार्यक्रम, जुटे टिकट के दावेदार
– गढ़वाल सांसद ने सभी दावेदारों से की वन-टू-वन मुलाकात, जानी चुनावी तैयारियों की नब्ज
यमकेश्वर। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारियां और तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के लिए स्वर्गाश्रम स्थित वेद निकेतन में भाजपा का मंथन और रायशुमारी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और कोटद्वार जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल विशेष रूप से बैठक लेने पहुंचे।
कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनानी है। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होना होगा और बूथ स्तर पर मजबूती से काम करना होगा। सांसद ने याद दिलाया कि राज्य निर्माण के बाद से ही यमकेश्वर विधानसभा सीट पर लगातार भाजपा जीतती आई है और इस बार भी पार्टी यहां से बड़ी जीत दर्ज करेगी।
कार्यक्रम के दौरान यमकेश्वर विधानसभा सीट से टिकट की आस लगाए दावेदारों की भारी भीड़ नजर आई। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने रायशुमारी प्रक्रिया के तहत सभी दावेदारों से अलग-अलग मुलाकात की। उन्होंने हर दावेदार की राय जानी, क्षेत्र में उनकी सक्रियता और चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, संजीव चौहान, विश्वजीत नेगी, शैलेंद्र रावत, नलिन भट्ट, महावीर कुकरेती, महेंद्र राणा, नीरज कुकरेती, विपिन कैंथोला, मीरा रतूड़ी और भरतलाल सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
