रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
दिन में इंजीनियरिंग की पढ़ाई, रात में मूंगफली बेचने का काम, छात्र की कहानी कर देगी भावुक!
वायरल

दिन में इंजीनियरिंग की पढ़ाई, रात में मूंगफली बेचने का काम, छात्र की कहानी कर देगी भावुक!

November 24, 2026


Viral Story : कॉलेज खत्म होने के बाद जहां युवा दोस्तों के साथ घूमने या आराम करने का प्लान बनाते हैं, वहीं फिलीपींस के अरिस्टन एरा की जिंदगी कुछ अलग है. उनके लिए क्लास खत्म होने के बाद दिन नहीं, बल्कि मेहनत का दूसरा दौर शुरू होता है. दिन में मरीन इंजीनियरिंग की पढ़ाई और शाम होते ही मूंगफली बेचने का काम. कई बार वह रात के 3 बजे तक ग्राहकों को मूंगफली बेचते हैं और फिर कुछ घंटे सोकर सुबह कॉलेज पहुंच जाते हैं. उनकी यह मेहनत सिर्फ अपनी पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए नहीं, बल्कि परिवार की मदद करने के लिए भी है.

11 साल की उम्र से सीखी मेहनत की अहमियत

अरिस्टन यूनिवर्सिटी ऑफ द विसायस में मरीन इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष के छात्र हैं. उनकी मेहनत की शुरुआत बचपन में ही हो गई थी. महज 11 साल की उम्र में वह अपनी मां के साथ घर का  बना खाना बेचने जाते थे. उनकी मां बोगो सिटी में एम्बुटिडो और एम्पानाडा जैसे पारंपरिक व्यंजन बेचती थीं. मां को संघर्ष करते देखकर अरिस्टन ने भी कम उम्र में जिम्मेदारी उठाना सीख लिया.

अंडे और आम बेचने के बाद चुना मूंगफली का काम

अरिस्टन ने अपनी कमाई के लिए शुरुआत में बटेर के अंडे बेचे. इसके बाद आम बेचने की कोशिश की, लेकिन उन्हें लेकर घूमना आसान नहीं था. फिर उन्होंने मूंगफली बेचना शुरू किया. यह काम उनके लिए सुविधाजनक था, क्योंकि मूंगफली को साथ रखना आसान था और इसके जल्दी खराब होने की चिंता भी नहीं रहती थी.

रात की मेहनत के बाद सुबह कॉलेज

अरिस्टन का रोजाना का शेड्यूल किसी को भी हैरान कर सकता है. देर रात तक मूंगफली बेचने के बाद वह सुबह करीब 5 बजे उठते हैं. यूनिफॉर्म प्रेस करने से लेकर कॉलेज का सामान तैयार करने तक की जिम्मेदारी खुद निभाते हैं. सुबह 7:30 बजे से पहले कॉलेज पहुंचना होता है. उनके कुछ साथी छात्र भी नियमित ग्राहक हैं, जो क्लास से पहले उनसे मूंगफली खरीदते हैं.

परिवार के लिए भी बनना चाहते हैं सहारा

पांच भाई-बहनों में सबसे बड़े अरिस्टन के चार छोटे भाई-बहन अभी पढ़ाई कर रहे हैं. इसलिए वह अपनी फीस और निजी खर्च उठाने के साथ परिवार की आर्थिक मदद भी करना चाहते हैं. शुरुआत में उनके माता-पिता देर रात तक काम करने को लेकर चिंतित थे, लेकिन बाद में उन्होंने बेटे की मेहनत को समझा और उसका समर्थन किया.

ईमानदारी की कमाई पर गर्व

सनस्टार के ‘बियॉन्ड द हेडलाइंस’ पॉडकास्ट में अरिस्टन ने बताया कि उन्हें मूंगफली बेचने में कोई शर्म नहीं आती. उनका मानना है कि मेहनत और ईमानदारी से कमाया गया पैसा कभी छोटा नहीं होता. किसी काम को लेकर लोगों की राय से ज्यादा जरूरी अपने लक्ष्य पर ध्यान देना है.

अपना बिजनेस और जानवरों के लिए शेल्टर बनाने का सपना

अरिस्टन आगे चलकर अपना कारोबार खड़ा करना चाहते हैं. इसी दिशा में वह बोगो सिटी में ‘स्पीडी डिलीवरी’ नाम से स्थानीय डिलीवरी सर्विस शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं. इसके जरिए खाना, किराने का सामान और दवाइयां पहुंचाने की योजना है. उनके कुछ दोस्त भी इस पहल से जुड़ रहे हैं. इसके अलावा वह भविष्य में आवारा कुत्तों, बिल्लियों और अन्य जानवरों के लिए शेल्टर बनाना चाहते हैं. मरीन इंजीनियरिंग पूरी करने के बाद समुद्र में काम करना भी उनका सपना है.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X