बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
दिल्ली:ज्वाला नगर इलाके में दो मंजिला मकान गिरने के मामले में कार्रवाई, मकान मालिक और उसका भाई गिरफ्तार – House Owner And His Brother Arrested In Connection With House Collapse In Shahdara
दिल्ली एनसीआर

दिल्ली:ज्वाला नगर इलाके में दो मंजिला मकान गिरने के मामले में कार्रवाई, मकान मालिक और उसका भाई गिरफ्तार – House Owner And His Brother Arrested In Connection With House Collapse In Shahdara

November 18, 2026


House owner and his brother arrested in connection with house collapse in Shahdara

शाहदरा में मकान गिरा

विस्तार

विवेक विहार के ज्वाला नगर इलाके में मंगलवार दो मंजिला मकान गिरने के मामले में पुलिस ने मकान मालिक सुरेंद्र सिंह और उसके भाई वीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ लापरवाहीं से हुई मौत का मामला दर्ज किया गया है, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। 

बच्चे समेत दो की मौत, पांच जख्मी

शाहदरा जिले के विवेक विहार स्थित ज्वाला नगर में मंगलवार सुबह दो मंजिला पुराना और जर्जर मकान जमींदोज हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस व दमकल विभाग को सूचना देने के बाद पड़ोसी बचाव में जुट गए। बाद में रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंच गई। मलबे से चार साल के बच्चे समेत कुल 7 लोगों को निकाला गया। अस्पताल ले जाने पर देवांश उर्फ लड्डू (4) और पिंटू (35) को मृत घोषित कर दिया गया। घायल हुए अमन उर्फ डब्बा (18), पिंटू का छोटा भाई विकास उर्फ विकेश (32), आकाश (25), दिलीप उर्फ डिंपा (22) और देवांश की मां खुशबू (27) का डॉ. हेडगेवार अस्पताल में उपचार चल रहा है।

30 गज के मकान की छत को गाटर-पटिया से बनाया गया था

शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि करीब 30 गज के मकान की छत को गाटर-पटिया से बनाया गया था। मकान 40 साल से अधिक पुराना होने के अलावा रेलवे लाइन के ठीक किनारे था। ट्रेनें गुजरने पर मकान में कंपन होती थी। आशंका व्यक्त की जा रही है कि पुराना-जर्जर मकान कंपन सह न सका और जमींदोज हो गया।

हादसा मंगलवार सुबह करीब 10 बजे ज्वाला नगर की गली नंबर-6 में हुआ। यहां करीब 1000 गज के एक पूरे परिसर में छह से सात मकान 25 से 30 गज के बने हुए हैं। इन सभी में अलग-अलग किरायेदार रहते हैं। जो मकान गिरा, उसके ग्राउंड फ्लोर को आगरा निवासी पिंटू नामक नमकीन-गजक बनाने वाले ठेकेदार ने किराये पर लिया हुआ था।

पहली मंजिल पर देवांश और खुशबू का परिवार रहता है। ज्यादातर मकानों की छत को गाटर-पटिया से बनाया गया है। मंगलवार को अचानक एक मकान छत के साथ भरभराकर गिर गया। हादसे के समय ग्राउंड फ्लोर पर पिंटू अपने दिव्यांग भाई विकास के अलावा कारीगर आकाश, दिलीप और अमन के साथ मौजूद था। पहली मंजिल पर खुशबू और उसका बेटा देवांश ही मौजूद थे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X